menu-icon
India Daily

भोपाल में मोबाइल गेम की लत ने छीन ली मासूम की जिंदगी, परिजनों ने किया चौंकाने वाला खुलासा

भोपाल में 14 वर्षीय छात्र की मौत ने मोबाइल गेमिंग की लत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. परिजनों को आशंका है कि लोकप्रिय गेम फ्री फायर की आदत इस दुखद घटना की वजह बनी.

Anuj
Edited By: Anuj
भोपाल में मोबाइल गेम की लत ने छीन ली मासूम की जिंदगी, परिजनों ने किया चौंकाने वाला खुलासा
Courtesy: Social Media

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से सामने आई एक दुखद घटना ने अभिभावकों और प्रशासन दोनों को चिंता में डाल दिया है. पिपलानी थाना क्षेत्र की श्रीराम कॉलोनी में रहने वाले 14 वर्षीय छात्र अंश साहू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. परिवार का मानना है कि वह मोबाइल गेम फ्री फायर का आदी हो गया था. पुलिस मामले की जांच कर रही है और हर पहलू को खंगाला जा रहा है.

सोमवार दोपहर अंश साहू अपने घर में फंदे पर लटका मिला. वह कक्षा 9 का छात्र था और शहर के एक प्रतिष्ठित स्कूल में पढ़ता था. उसके माता-पिता निजी स्कूल में शिक्षक हैं. घटना के समय माता-पिता एक पारिवारिक कार्यक्रम में बाहर गए थे. लौटने पर उन्होंने बेटे को इस हालत में देखा और तुरंत निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

मोबाइल गेम की लत

परिवार के अनुसार , अंश बीते कुछ महीनों से मोबाइल गेम फ्री फायर में जरूरत से ज्यादा समय बिताने लगा था. पढ़ाई पर इसका असर साफ दिखने लगा था. कुछ समय पहले उसके मोबाइल गेम के कारण दादा के बैंक खाते से 28 हजार रुपये कट गए थे. इसके बाद भी उसकी आदत नहीं बदली और परिजनों की समझाइश बेअसर रही.

परिजनों ने क्या बताया?

अंश के मामा ओम साहू ने बताया कि परिवार ने कई बार उसे समझाने की कोशिश की. यहां तक कि डेढ़ महीने पहले उसका मोबाइल फोन भी ले लिया गया था. पड़ोसियों का कहना है कि अंश शांत स्वभाव का था, लेकिन हाल के दिनों में वह अकेला रहने लगा था. आसपास के लोग इस घटना से स्तब्ध हैं.

पुलिस जांच और कार्रवाई

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अंश के मोबाइल फोन की जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो पाएंगे. पुलिस की ओर से मोबाइल गेम्स को लेकर एक एडवाइजरी जारी करने की भी तैयारी है ताकि बच्चों और अभिभावकों को सतर्क किया जा सके.

मंत्री विश्वास सारंग ने चिंता जताई

स्थानीय विधायक और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने इस घटना पर चिंता जताई है. उन्होंने कहा कि सरकार ऑनलाइन गेमिंग से जुड़ी ऐसी घटनाओं को गंभीरता से ले रही है. भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाएं न हों, इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे. यह मामला पूरे समाज के लिए चेतावनी बनकर सामने आया है.