गाजियाबाद: गाजियाबाद में तीन नाबालिग बहनों ने आवासीय भवन की नौवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली. इस मामले में एक नया मोड़ आया है. मौत से पहले क्या-क्या हुआ इसका खुलासा एक चश्मदीद ने क्या है. तीन नाबालिग बहनों की एक साथ मौत ने परिवार से लेकर प्रशासन तक को गहरे सदमे में डाल दिया है. पुलिस जांच के साथ-साथ चश्मदीद के बयान इस घटना को और भयावह बनाते हैं. बताया जा रहा है कि यह कदम किसी ऑनलाइन गेम से जुड़े टास्क का हिस्सा हो सकता है, जिसने मासूमों की जान ले ली.
सोसाइटी में रहने वाले अरुण सिंह ने खबर एजेंसी ANI के अनुसार, घटना रात करीब दो बजे की है. वह अपने काम से फुर्सत पाकर सोने की तैयारी कर रहे थे, तभी सामने की बालकनी में जलती लाइट ने उनका ध्यान खींचा. उन्होंने देखा कि एक लड़की रेलिंग के ऊपर उल्टी दिशा में बैठी थी. उसके हाव-भाव से साफ लग रहा था कि वह नीचे कूदने का मन बना चुकी है.
अरुण सिंह ने बताया कि पहले वह लड़की नीचे उतरी, लेकिन कुछ ही पल में दूसरी बहन उसे खींचती नजर आई. शुरुआत में उन्हें लगा कि यह कोई आपसी झगड़ा होगा. लेकिन कुछ सेकंड बाद लड़की दोबारा रेलिंग पर चढ़ गई. तभी एक बहन ने दूसरी को गले लगाया, जिससे अरुण को अनहोनी का अंदेशा हो गया.
चश्मदीद के मुताबिक, उनकी आंखों के सामने ही तीनों बहनें एक साथ नीचे गिर गईं. उन्हें लगा कि दो बहनें तीसरी को बचाने की कोशिश कर रही थीं. एक का इरादा बेहद पक्का दिख रहा था, लेकिन अंत में तीनों सिर के बल नीचे गिरीं. यह दृश्य इतना भयावह था कि वह खुद भी कुछ पल तक सन्न रह गए.
#WATCH गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश: एक चश्मदीद, अरुण कुमार ने बताया, "मैंने उन तीनों को कूदते हुए देखा... यह घटना रात करीब 2 बजे हुई... मैंने जो देखा, उसके मुताबिक उनमें से एक ने कूदने का प्लान बनाया था, और बाकी दो उसे बचाने की कोशिश में गिर गए। मैंने पुलिस को फोन किया..." https://t.co/y5zrW2J8XO pic.twitter.com/WMmRjF1Mhu
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 4, 2026
अरुण सिंह ने तुरंत पुलिस और इमरजेंसी सेवाओं को कॉल किया. उनके अनुसार, कॉल करने के करीब एक घंटे बाद एम्बुलेंस मौके पर पहुंची. तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था. इस देरी को लेकर भी स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई, हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी जांच की बात कही गई है.
पुलिस और चश्मदीद के बयानों के आधार पर जांच का सबसे मजबूत पहलू ऑनलाइन गेम टास्क का माना जा रहा है. आशंका है कि बीच वाली बहन इस गेम में लीडर की भूमिका में थी और वही निर्देश देती थी. तीनों बहनें हर गतिविधि साथ करती थीं. परिवार और पड़ोसियों को इस खतरनाक लत की भनक तक नहीं थी. अपडेट यह भी है कि उन्होनें एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है. जिसकी जांच की जा रही है.