menu-icon
India Daily

'नौकरी मिलेगी तो क्या होगा...', थाने में रील बनाने वाली महिला पुलिसकर्मी पर गिरी गाज

मऊ में थाने के अंदर वर्दी पहनकर सोशल मीडिया रील बनाना एक महिला पुलिसकर्मी को भारी पड़ गया. वीडियो वायरल होने के बाद विभाग ने तत्काल निलंबन कर दिया.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
'नौकरी मिलेगी तो क्या होगा...', थाने में रील बनाने वाली महिला पुलिसकर्मी पर गिरी गाज
Courtesy: X

सोशल मीडिया पर रील बनाने का बढ़ता ट्रेंड अब सरकारी विभागों में लगातार बढ़ता जा रहा है. उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में एक महिला पुलिसकर्मी को थाने परिसर में फिल्मी गाने पर रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करना महंगा पड़ गया. वीडियो वायरल होते ही पुलिस विभाग हरकत में आया. इसके बाद संबंधित महिला पुलिसकर्मी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया.

थाने के अंदर बनाई रील

महिला पुलिसकर्मी शहर कोतवाली कार्यालय में तैनात थी. ड्यूटी के दौरान उन्होंने वर्दी में थाने परिसर के अंदर एक लोकप्रिय हिंदी गाने पर वीडियो शूट किया. इसके बाद रील सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर दी गई. कुछ ही घंटों में वीडियो तेजी से वायरल होने लगा. सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं.

वीडियो वायरल

वीडियो वायरल होने के बाद मऊ पुलिस प्रशासन एक्शन में आ गया. उन्होंने कार्रवाई करते हुए महिला पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया. पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने बताया कि विभाग में सोशल मीडिया को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश पहले से लागू हैं. सरकारी कार्यालयों और ड्यूटी के दौरान इस तरह की गतिविधियां अनुशासनहीनता हैं.

सीओ सिटी को मिली जांच की जिम्मेदारी 

मामले की जांच सीओ सिटी कृष राजपूत को सौंपी गई है.  जांच रिपोर्ट आने के बाद विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. विभाग अब सोशल मीडिया गतिविधियों पर और कड़ी निगरानी रखने की तैयारी में है.

पुलिस विभाग ने फिर जारी की चेतावनी

मामले के बाद पुलिस विभाग ने एक बार फिर सभी कर्मचारियों को सोशल मीडिया नीति का पालन करने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों का कहना है कि बैठकों और ब्रीफिंग के दौरान पहले भी साफ किया जा चुका है कि ड्यूटी के समय रील या मनोरंजन से जुड़े वीडियो बनाना प्रतिबंधित है. इसके बावजूद कुछ कर्मचारी नियमों को हल्के में लेते हैं.