उत्तर प्रदेश के फतेहपुर की जिलाधिकारी सी. इंदुमति का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. एक फरियादी पर भड़कीं इंदुमति ने सरेआम उसे चपत लगा दी और जमकर फटकारा. औचक निरीक्षण पर पहुंचीं जिलाधिकारी के बगल से निकल रहे इस शख्स का शरीर उनसे टकरा गया था. इसी को लेकर वह भड़क गईं और तू-तड़ाक पर उतर आईं. इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी पूछ लिया कि वह क्यों और क्या करने आया है. अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है.
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि डीएम इंदुमति डूडा ऑफिस में औचक निरीक्षण करने पहुंची हैं. वहां भीड़ के बीच से एक शख्स निकलने की कोशिश कर रहा था. वह इंदुमति के पीछे से निकलने की कोशिश में ही था कि उसका शरीर उनसे टकरा गया. इसके बाद वह आगबबूला हो गईं और उस शख्स को जमकर लताड़ लगाई. वहां मौजूद लोग इसका वीडियो बनाने लगे तो डीएम के स्टाफ ने उन्हें रोकने की कोशिश भी की लेकिन अब यह वीडियो वायरल हो चुका है.
इस वीडियो में वह पहले तो शख्स को चपत लगाती हैं फिर बोलती हैं, 'मैं खड़ी हूं, क्या दिमाग खराब है? एक महिला खड़ी है, तुमको धक्का मुक्की करके आगे बढ़ रहे हो. कौन है तू, कौन है तू?' डीएम के तेवर देखकर वह शख्स सहम जाता है और बताता है कि वह कुछ काम से आया है. इस पर फिर वह पूछती हैं, 'तुम ऐसे जाओगे? क्या काम है तुम्हारा? वहीं पीछे क्या कर रहे थे?' इसके बाद वह सफाई देने लगता है और बताता है कि फोन पर बात करते-करते वह पीछे चला गया था.
हालांकि, वह उसकी दलीलों को अनसुना कर देती हैं और कहती हैं कि बिठाओ इनको. बता दें कि डीएम इंदुमति इन दिनों तक जिला मुख्यालय के दफ्तरों से लेकर तहसील तक का औचक निरीक्षण कर रही हैं. इसी क्रम में उन्होंने डूडा ऑफिस, सदर नगर पालिका और सब रजिस्ट्रार ऑफिस में भी छापा मारा.