menu-icon
India Daily

Deoria Rape Case: फेल करने की धमकी देकर नाबालिग छात्रा से स्कूल का मैनेजर करता था रेप, ऐसे हुआ खुलासा; आरोपी गिरफ्तार

Deoria Rape Case: देवरिया में एक स्कूल के मैनेजर ने 12 वर्षीय छात्रा से कई महीनों तक दुष्कर्म किया. वह बच्ची को फेल करने और परिवार को मारने की धमकी देकर टॉयलेट में शोषण करता था. बच्ची ने डर के कारण चुप्पी साधी, लेकिन पिता के पूछने पर सच बताया. पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
Deoria Rape Case: फेल करने की धमकी देकर नाबालिग छात्रा से स्कूल का मैनेजर करता था रेप, ऐसे हुआ खुलासा; आरोपी गिरफ्तार
Courtesy: Pinterest

Deoria Rape Case: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके को हिला दिया है. यहां एक स्कूल के मैनेजर पर 12 वर्षीय छात्रा से कई महीनों तक दुष्कर्म करने का आरोप लगा है. पीड़िता कक्षा आठ की छात्रा है, जिसे आरोपी फेल करने और जान से मारने की धमकी देकर चुप कराता रहा.

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, बच्ची जब भी कक्षा से टॉयलेट जाती थी तो आरोपी उसे ऑफिस में बुला लेता. वहां वह उसे टॉयलेट में ले जाकर कपड़े उतरवाता और दुष्कर्म करता. आरोपी बच्ची को धमकाता था कि अगर उसने घर पर किसी को बताया तो पूरे परिवार को जान से मार देगा. इस डर से बच्ची महीनों तक चुप रही और डरी-सहमी हालत में जीती रही.

बच्ची ने पिता को बताई सच्चाई

इस मामले का खुलासा तब हुआ जब बच्ची के पिता, जो पीएसी में जवान हैं, छुट्टी लेकर दो दिन पहले घर लौटे. उन्होंने बेटी की उदासी और खराब हालत देखी और कारण पूछा. तब बच्ची ने रोते हुए पूरी सच्चाई बताई. पिता तुरंत कोतवाली पहुंचे और आरोपी के खिलाफ लिखित तहरीर दी. सूत्रों के अनुसार, कोतवाली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी मैनेजर देवेंद्र कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया. सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि 5 अक्टूबर को इस घटना की शिकायत दर्ज कराई गई थी. पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है.

पुलिस कर रही मामले की जांच

जानकारी के मुताबिक यह घटना सदर कोतवाली क्षेत्र में एक कॉलोनी में द किड्स वैली पब्लिक स्कूल नामक एक निजी विद्यालय का है. पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से इस घिनौने कृत्य को अंजाम दे रहा था. बच्ची को धमकियों और डर के साये में रखकर उसने उसे मजबूर कर दिया कि वह किसी को कुछ न बताए. अब पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और स्कूल प्रशासन से भी पूछताछ कर रही है कि कहीं किसी को इस घटना की जानकारी तो नहीं थी.

अभिभावकों ने की कड़ी सजा की मांग

इस घटना से पूरे इलाके में आक्रोश है. लोग सवाल उठा रहे हैं कि जिस स्कूल को बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा का स्थान माना जाता है, वहां इस तरह की वारदात कैसे हो गई. अभिभावकों का कहना है कि ऐसे आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए ताकि कोई भी दोबारा ऐसी हरकत करने की हिम्मत न करे.