menu-icon
India Daily

कैमरे पर फूट-फूटकर रोने लगे सपा के MLC उम्मीदवार, बोले- अगले महीने इस्लाम कबूल कर लूंगा

उत्तर प्रदेश के MLC चुनाव में सपा उम्मीदवार आकाश अग्रवाल ने भाजपा और प्रशासन पर बूथ कैप्चरिंग के आरोप लगाए. शिकायत के बाद वह मीडिया के सामने रो पड़े.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
कैमरे पर फूट-फूटकर रोने लगे सपा के MLC उम्मीदवार, बोले- अगले महीने इस्लाम कबूल कर लूंगा
Courtesy: X

उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान के दौरान आगरा में विवाद हो गया. समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार आकाश अग्रवाल ने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार और प्रशासन पर बूथ कैप्चरिंग तथा सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग के आरोप लगाए. शिकायत लेकर मंडलायुक्त के पास पहुंचे अग्रवाल बाहर निकलने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए भावुक हो गए और फूट-फूटकर रोने लगे.

खैरागढ़ समेत कई बूथों पर धांधली का आरोप

आकाश अग्रवाल ने दावा किया कि खैरागढ़ के बूथ नंबर 20 पर भाजपा उम्मीदवार के भतीजे ने बूथ पर कब्जा कर लिया. उन्होंने कहा कि इस कथित घटना का वीडियो मंडलायुक्त को भेजा गया है. सपा उम्मीदवार ने आरोप लगाया कि खैरागढ़ में पीठासीन अधिकारी ने भोजन करने के बहाने मतदाताओं को बाहर निकाल दिया और कमरे का दरवाजा बंद कर दिया. उन्होंने फतेहाबाद और छाता के बूथ नंबर 40 पर भी बूथ कैप्चरिंग होने का दावा किया. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

अपने ही देश में आतंकवादी जैसा महसूस हो रहा है

अग्रवाल ने आरोप लगाया कि उनके चुनाव प्रबंधकों को जब चाहे उठा लिया जाता है, उनके खिलाफ अफवाहें फैलाई जाती हैं और उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता है. उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों में उन्हें ऐसा महसूस होने लगा है, जैसे वह पाकिस्तान से आया कोई आतंकवादी हों.

उन्होंने कहा कि यदि सरकार की ओर से पहले ही बता दिया जाता कि चुनाव में उन्हें ऐसी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा, तो वह चुनाव नहीं लड़ते. बातचीत के दौरान उनका दर्द छलक पड़ा और वह कैमरे के सामने रोने लगे.

अगले महीने इस्लाम कबूल कर लूंगा

भावुक होकर आकाश अग्रवाल ने कहा कि जिन लोगों को वह सनातन धर्म का रक्षक मानते हैं, उन्हीं के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि वह ऐसे माहौल में नहीं रहना चाहते और अगले महीने लखनऊ जाकर शाही ईदगाह में इस्लाम कबूल करने की बात कही.

उन्होंने यह भी दावा किया कि एक अधिकारी ने उनसे कहा था कि वह केवल एमएलसी हैं, खुदा नहीं. अग्रवाल ने जवाब में कहा कि उन्होंने अपना खुदा बदल लिया है.

मंडलायुक्त ने दिया जांच का आश्वासन

अग्रवाल ने कहा कि अब वह शांति से रहना चाहते हैं और सरकार अपनी मर्जी से चुनाव कराए. उन्होंने यहां तक कहा कि यदि उन्हें जेल भेजना है, तो वह इसी जगह से जेल जाने को तैयार हैं. इस मामले पर मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सपा उम्मीदवार की शिकायत की जांच कराई जाएगी. फिलहाल बूथ कैप्चरिंग के आरोपों की पुष्टि और जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है.