लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरु पूर्णिमा को लेकर पाती लिखी और प्रदेशवासियों को विशेष संदेश दिया है. ट्वीट के माध्यम से उन्होंने गुरु की महत्ता पर प्रकाश डाला और सभी से अपने गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की अपील की.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा कि भारतीय मनीषा और सनातन संस्कृति में गुरु को साक्षात् परम ब्रह्म माना जाता है. गुरु पूर्णिमा का यह पर्व गुरुजनों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और आभार व्यक्त करने का खास मौका है. उन्होंने कहा कि गुरु केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि जीवन को सही दिशा भी दिखाते हैं.
मेरे सम्मानित प्रदेशवासियों,
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) July 27, 2026
भारतीय मनीषा एवं सनातन संस्कृति में गुरु को साक्षात् परम ब्रह्म माना गया है। गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व हम सबके लिए गुरुजनों के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता और सम्मान प्रकट करने का अवसर है।
वास्तव में, गुरु शिक्षा ही नहीं देते, जीवन को दिशा भी देते हैं।… pic.twitter.com/Pzbzd873kb
सीएम योगी ने आगे कहा- 'गुरु स्वयं ज्ञान का प्रकाश हैं. वे शिष्य को अज्ञान के अंधेरे से बाहर निकालकर सत्य, संस्कार और उजाले के रास्ते पर ले जाते हैं.' उनके अनुसार गुरु का मार्गदर्शन व्यक्ति के जीवन को न सिर्फ समृद्ध बनाता है बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में भी मदद करता है.
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से खास अनुरोध किया कि वे अपने गुरुजनों को कभी न भूलें. उनके बताए आदर्शों को रोजमर्रा की जिंदगी में अपनाएं. इससे न सिर्फ व्यक्तिगत विकास होगा, बल्कि पूरे प्रदेश का विकास भी तेजी से आगे बढ़ेगा. उन्होंने जोर देकर कहा कि गुरु के आदर्शों पर चलने से ही एक विकसित उत्तर प्रदेश का सपना साकार हो सकता है.
गुरु पूर्णिमा हिंदू परंपरा में गुरु-शिष्य संबंध को मजबूत करने वाला प्रमुख त्योहार है. इस दिन महर्षि वेद व्यास की जयंती भी मनाई जाती है, जिन्होंने वेदों, पुराणों और महाभारत का ज्ञान दुनिया को दिया. देशभर में स्कूलों, कॉलेजों और आश्रमों में गुरु वंदना, पूजा-अर्चना और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है.