menu-icon
India Daily

‘कांग्रेस ने सत्ता के लिए विभाजन किया…’, CM योगी ने स्मृति दिवस पर साधा निशाना

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के मौके पर एक कार्यक्रम को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने इतिहास से सबक लेने की बात कही.

Shilpa Shrivastava
‘कांग्रेस ने सत्ता के लिए विभाजन किया…’, CM योगी ने स्मृति दिवस पर साधा निशाना
Courtesy: X (@myogiadityanath)

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के मौके पर एक कार्यक्रम को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने इतिहास से सबक लेने की बात कही. उन्होंने बताया कि भारत में कभी ताकत, समझदारी और दौलत की कमी नहीं रही, फिर भी देश को सैकड़ों साल गुलामी झेलनी पड़ी.

सीएम योगी ने कहा कि 1947 में देश का बंटवारा दुनिया के इतिहास का सबसे दुखद और काला अध्याय है. उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता की बहुत ज्यादा लालसा रखने वाली कांग्रेस ने यह शर्मनाक काम किया. देश ने उस पर आंख मूंदकर भरोसा किया था.

आखिर यह देश गुलाम क्यों बना?- सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने पूछा कि आखिर यह देश गुलाम क्यों बना? उन्होंने साफ कहा कि हमारे पास ताकत, बुद्धि या धन-धान्य की कोई कमी नहीं थी. दुनिया में हमसे ज्यादा ताकतवर, अमीर और समझदार कोई नहीं था. उन्होंने गुलामी के दो बड़े कारण बताए. पहला कारण हमारे आपसी मतभेद थे. जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर जब समाज में फूट पड़ती है तो बाहर वाले और अंदर के साजिशकर्ता आसानी से सफल हो जाते हैं. दूसरा कारण बाहरी और अंदरूनी साजिशें थीं. इन्हीं वजहों से देश को गुलामी का दुख सहना पड़ा.  

सीएम योगी ने की एकता की अपील:

सीएम योगी ने लोगों से अपील की कि अतीत की गलतियों से सीखें. आपसी झगड़े और मतभेद मिटाएं. देश की एकता और अखंडता को सबसे ऊपर रखें. तभी देश मजबूत बनेगा और आगे बढ़ेगा. यह दिन हमें याद दिलाता है कि फूट से नुकसान होता है और एकता से देश सुरक्षित रहता है.