menu-icon
India Daily

बांदा का अजब कांड, घर में नहीं मिला माल तो टोंटियां उखाड़ ले गए चोर; पुलिस भी रह गई हैरान

बांदा में चोरी करने पहुंचे चार आरोपियों को घर में कोई खास कीमती सामान नहीं मिला तो उन्होंने बाथरूम, किचन और वॉशबेसिन से 25 टोंटियां उखाड़ लीं.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
बांदा का अजब कांड, घर में नहीं मिला माल तो टोंटियां उखाड़ ले गए चोर; पुलिस भी रह गई हैरान
Courtesy: ChatGPT

बांदा: उत्तर प्रदेश के बांदा में चोरी का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है. यहां घर में चोरी करने पहुंचे आरोपियों को जब कोई खास कीमती सामान नहीं मिला तो उन्होंने बाथरूम, किचन और वॉशबेसिन में लगी नलों की टोंटियां ही उखाड़ लीं. आरोपियों ने बाद में इन टोंटियों को कबाड़ी के यहां बेच दिया. पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

मामला शहर कोतवाली क्षेत्र का है. एक मकान मालिक ने पुलिस को घर में चोरी होने की सूचना दी थी. पुलिस मौके पर पहुंची तो चोरी का तरीका देखकर हैरान रह गई. घर से टीवी, फ्रिज, गहने या कोई बड़ा सामान गायब नहीं था. इसके बजाय घर के अलग-अलग हिस्सों में लगी नलों की टोंटियां गायब थीं. कुछ नकदी भी चोरी हुई थी.

आरोपियों ने पूछताछ में क्या बताया?

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पूछताछ में कथित तौर पर बताया कि उन्हें घर में कोई बड़ा या कीमती सामान नहीं मिला. इसके बाद उन्होंने नलों की टोंटियों को निशाना बनाया. बाथरूम, किचन और वॉशबेसिन में जहां भी टोंटी दिखाई दी, उसे खोलकर या काटकर निकाल लिया गया. आरोपियों ने कुल 25 टोंटियां चोरी कीं.

चोरी की टोंटियों को आरोपियों ने कबाड़ी के यहां बेच दिया था. मकान मालिक की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की. पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया और करीब 12 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस ने क्या लिया एक्शन?

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनी, अमीर, अनस और आबिद के रूप में हुई है. चारों बांदा के कोतवाली नगर क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं. आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की 25 टोंटियां बरामद की गई हैं. इसके अलावा 8 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा भी पुलिस ने बरामद किया है.

बांदा के एएसपी ने क्या बताया?

बांदा के एएसपी के मुताबिक घर से नलों की टोंटियां और नकदी चोरी होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की. जांच के दौरान चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया है.

पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने आरोपियों की पिछली आपराधिक गतिविधियों की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपियों का पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड है या नहीं. आमतौर पर चोरी में सोना, चांदी, नकदी और इलेक्ट्रॉनिक सामान निशाने पर रहते हैं, लेकिन बांदा की इस घटना में चोरों ने घर की 25 टोंटियां ही उखाड़ लीं.