menu-icon
India Daily

'न कर्फ्यू, न दंगा और सब चंगा...' मैनपुरी को 682 करोड़ की विकास की बड़ी सौगात देकर गरजे सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मैनपुरी में 682 करोड़ रुपये की 111 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
'न कर्फ्यू, न दंगा और सब चंगा...' मैनपुरी को 682 करोड़ की विकास की बड़ी सौगात देकर गरजे सीएम योगी
Courtesy: Pinterest

मैनपुरी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को मैनपुरी दौरे के दौरान 682 करोड़ रुपये की लागत वाली 111 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के 19 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और सहायता भी वितरित की. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कर रही है और प्रदेश के हर वर्ग को योजनाओं का लाभ मिल रहा है.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मैनपुरी की ऐतिहासिक और पौराणिक धरती पर आकर उन्हें प्रसन्नता हो रही है. उन्होंने कहा कि करहल और मैनपुरी के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शुरू की गई हैं. उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांगों का उल्लेख करते हुए भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों को आगे भी प्राथमिकता दी जाएगी.

मुख्यमंत्री ने आगे क्या कहा?

मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब मैनपुरी का नाम सुनकर लोग घबराते थे और यहां के युवाओं को दूसरे शहरों में सम्मान नहीं मिलता था. उन्होंने दावा किया कि आज प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और युवाओं, व्यापारियों तथा महिलाओं को सुरक्षित माहौल मिला है. उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में 'न कर्फ्यू, न दंगा, सब चंगा' का माहौल है और सभी त्योहार शांतिपूर्वक मनाए जा रहे हैं.

किसानों को क्या-क्या मिल रहा लाभ?

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में किसानों को मुफ्त बिजली, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और अन्य योजनाओं का लाभ मिल रहा है. उन्होंने मैनपुरी की प्रसिद्ध तारकशी कला का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने उसे वैश्विक पहचान दिलाने का प्रयास किया है. साथ ही उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के लिए धन की कोई कमी नहीं है और सड़क, पेयजल, शिक्षा तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है.

शिक्षा और रोजगार पर क्या बोले?

मुख्यमंत्री ने शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर भी अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं. उन्होंने कहा कि अब सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता है और युवाओं को बिना किसी सिफारिश या रिश्वत के अवसर मिल रहे हैं. उन्होंने कहा कि प्रदेश में मॉडल स्कूलों की स्थापना की जा रही है, जहां पहली से बारहवीं तक की पढ़ाई होगी, ताकि हर वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके.

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बताया कि 292 करोड़ रुपये की लागत से शिकोहाबाद-भोगांव मार्ग का चौड़ीकरण किया गया है. इसके अलावा स्वच्छ पेयजल, ऑडिटोरियम, सड़क और अन्य विकास परियोजनाओं से मैनपुरी और करहल क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा. उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार गरीब, किसान, महिला और युवा सहित समाज के हर वर्ग के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है.