लखनऊ: उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था, यातायात, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा की व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए कि किसी भी श्रद्धालु को परेशानी का सामना न करना पड़े. उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि कांवड़ मार्ग पर आने वाली शराब और मांस की दुकानें यात्रा अवधि में बंद रखी जाएं. सभी होटल, ढाबे और रेस्टोरेंट के बाहर संचालक का नाम स्पष्ट रूप से लिखा जाए. खाद्य पदार्थों की निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने या मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को शुद्ध भोजन और उचित मूल्य पर सभी आवश्यक सुविधाएं मिलनी चाहिए.
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाएं एक समान और प्रभावी होनी चाहिए. उन्होंने मेरठ जोन की कार्ययोजना को पूरे प्रदेश में लागू करने के निर्देश दिए. साथ ही हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और उत्तराखंड के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर कांवड़ की निर्धारित ऊंचाई से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा.
मुख्यमंत्री ने स्थानीय प्रशासन को कांवड़ संघों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने और शिविर संचालकों का समय पर सत्यापन करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि सभी तैयारियों की पहले से समीक्षा कर कमियों को समय रहते दूर किया जाए. यात्रा मार्गों की खराब सड़कों की मरम्मत कराई जाए और पूरे मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालय तथा साफ सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी मुख्यमंत्री ने विशेष निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर चिकित्सा शिविर पूरी तरह सक्रिय रहें. एंटी वेनम और एंटी रैबीज इंजेक्शन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए. प्रमुख घाटों पर महिलाओं के लिए सुरक्षित चेंजिंग रूम बनाए जाएं. साथ ही सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से भजन संगीत के साथ जरूरी सूचनाएं भी लगातार प्रसारित की जाएं.
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री ने पुलिस गश्त बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए. संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने और सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों तथा भ्रामक सूचनाओं का तुरंत खंडन करने को कहा गया है. सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए हैं.