अयोध्या: उत्तर प्रदेश की रामनगरी अयोध्या में दसवें दीपोत्सव के दौरान एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है. इस बार केवल दीपों की रोशनी ही नहीं, बल्कि रेत से बनी भगवान राम की भव्य कलाकृति ने भी पूरी दुनिया का ध्यान अपनी तरफ खींचा है. प्रसिद्ध सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार और उनकी टीम ने सरयू नदी की रेत से विशाल राम दरबार और राम मंदिर की कलाकृति तैयार की है. इस अनोखी कलाकृति को बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड ने विश्व रिकॉर्ड के रूप में मान्यता दी है.
राम कथा पार्क में बनाई गई इस विशाल कलाकृति की लंबाई 58 फीट और ऊंचाई 20 फीट है. इसे तैयार करने में करीब 220 टन सरयू की रेत का इस्तेमाल किया गया. इस कलाकृति के जरिए भगवान राम की नगरी की भव्यता और भारतीय संस्कृति को दर्शाया गया है. इसके साथ ही यह कलाकृति दुनिया को शांति, मानवता और आपसी भाईचारे का संदेश भी देती है.
इस खास सैंड आर्ट का निर्माण 30 अक्टूबर को शुरू किया गया था. कलाकार मधुरेंद्र कुमार और उनकी टीम ने लगातार सात दिनों तक मेहनत करके 7 नवंबर को इसे पूरा किया. मधुरेंद्र कुमार के मुताबिक, राम दरबार पर आधारित इतनी विशाल रेत की कलाकृति बनाना उनके लिए एक खास अनुभव रहा. उन्होंने इसे अपनी पहली विशाल राम दरबार सैंड आर्ट बताया है.
दीपोत्सव के दौरान उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस कलाकृति का अवलोकन किया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्व रिकॉर्ड की उपलब्धि पर कलाकार को बधाई दी. वहीं, उपराष्ट्रपति ने भी कलाकार की मेहनत और कला की सराहना की.
इस कलाकृति को बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की तरफ से मान्यता मिल चुकी है. संस्था ने डिजिटल प्रमाणपत्र भी जारी किया है. वहीं, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया अभी जारी है.