उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में बड़ी सनसनीखेज वारदात हुई है. खुर्जा कोतवाली क्षेत्र में एक झोलाछाप डॉक्टर ने अपने पिता और पत्नी को मौत के घाट उतार दिया. इस डबल की वजह भी बड़ी चौंकाने वाली है. दरअसल आरोपी को दोनों के बीच अफेयर का शक था. आरोपी ने अपनी लाईसेंसी पिस्टल से पहले पिता की कनपटी पर लगाकर गोली और फिर दो गोलियां मारकर पत्नी को भी मौत की नींद सुला दिया. आरोपी ने पत्नी के सीने और पेट में गोलियां मारीं. एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को दोनों के बीच अवैध संबंधों का शक था, इस बात को लेकर आरोपी ने पहले भी कई बार कहासुनी की थी.
एसपी देहात अंतरिक्ष जैन के मुताबिक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. घटना खुर्जा कोतवाली क्षेत्र के कलंदरपुरी गांव की है. उन्होंने बताया कि आरोपी 26 वर्षीय मोबिन की एक साल पहले ही सना के साथ शादी हुई थी. 10 दिन पहले ही सना ने एक बेटे को जन्म दिया था. मोबिन के पिता 55 वर्षीय रियाजुद्दीन अपने गांव में बेल्डिंग का काम करते थे. मोबिन झोलाछाप डॉक्टर है और सुदेशपुर में क्लीनिक चलाता है.
ग्रामीणों का कहना है कि रियाजुद्दीन के परिवार में आए दिन लड़ाई झगड़े होते रहते थे. रविवार की सुबह भी झगड़ा हुआ हुआ था. उसके बाद मोबिन घर से चला गया, लेकिन दोपहर करीब 1 बजे वह घर लौटा और घर में घुसते ही पिता और पत्नी पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं. पड़ोसियों ने गोलियां चलने की आवाज सुनी तो पुलिस को सूचना दे दी.
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घर में जाकर देखा तो रियाजुद्दीन ओर मोबिन की पत्नी लहूलुहान हालत में फर्श पर पड़े थे, मोबिन तब तक फरार हो चुका था. पुलिस दोनों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुर्जा पहुंची, जहां डाक्टरों ने रियाजुद्दीन को मृत घोषित कर दिया. अस्पताल पहुंचने के बाद सना की भी मौत हो गई.