menu-icon
India Daily

मैंने किसी की साड़ी नहीं खींची... यौन शोषण मामले में बरी होने के बाद बृजभूषण का विस्फोटक बयान

यौन शोषण मामले में बरी होने के बाद बृजभूषण शरण सिंह पहली बार अयोध्या पहुंचे. उन्होंने रोड शो किया, समर्थकों का धन्यवाद दिया और महिला पहलवानों के आरोपों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए खुद को निर्दोष बताया.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
मैंने किसी की साड़ी नहीं खींची... यौन शोषण मामले में बरी होने के बाद बृजभूषण का विस्फोटक बयान
Courtesy: X

पूर्व भाजपा सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने यौन शोषण मामले में बरी होने के बाद अयोध्या से गोंडा तक बड़ा रोड शो किया. इस दौरान उन्होंने समर्थकों को संबोधित किया और अपने ऊपर लगे आरोपों पर खुलकर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप गलत थे.

सत्यमेव जयते नाम से निकाला रोड शो

यौन शोषण मामले में अदालत से राहत मिलने के बाद बृजभूषण शरण सिंह गुरुवार को पहली बार अयोध्या पहुंचे. एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में समर्थकों ने उनका स्वागत किया. इसके बाद उन्होंने खुली जीप में अयोध्या से गोंडा तक रोड शो निकाला. उनके साथ करीब एक हजार गाड़ियों और बड़ी संख्या में बाइक सवार समर्थकों का काफिला चला. रास्ते भर लोगों ने फूल बरसाए और उनके समर्थन में नारे लगाए. गोंडा पहुंचकर उन्होंने अपने स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में हजारों समर्थकों को संबोधित किया. इस पूरे कार्यक्रम को 'सत्यमेव जयते' नाम दिया गया.

आरोपों पर बोले- मैंने गलत काम नहीं किया

सभा को संबोधित करते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने महिला पहलवानों के आरोपों पर अपनी बात रखी.

मैं झुक जाता, तो मसला हल हो जाता लेकिन मेरे किरदार का कत्ल हो जाता. मेरे खिलाफ लगाया गया आरोप केवल गुड टच और बैड टच से जुड़ा है. मैंने किसी की साड़ी खींचने का काम नहीं किया. मेडल पहनाते-पहनाते टच हो गया होगा, उसी पर तूफान खड़ा कर दिया.

 

क्या था पूरा मामला?

यह विवाद जनवरी 2023 में सामने आया था, जब कई महिला पहलवानों ने बृजभूषण शरण सिंह पर यौन शोषण के आरोप लगाए थे. इसके बाद दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन हुआ था. सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज किया और जांच शुरू हुई. एक नाबालिग पहलवान ने बाद में अपनी शिकायत वापस ले ली थी. लंबे समय तक चले ट्रायल में कई गवाहों के बयान दर्ज हुए. अदालत ने 2 जुलाई 2026 को सुनवाई पूरी होने के बाद फैसला सुरक्षित रखा था और बाद में बृजभूषण शरण सिंह को इस मामले में बरी कर दिया. इसके बाद उन्होंने पहली बार सार्वजनिक रूप से अपनी प्रतिक्रिया दी.