उत्तर प्रदेश की राजनीति में रविवार का दिन काफी अहम रहा. कई महीनों से चल रही मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं पर आखिरकार विराम लग गया. राजभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने छह नए मंत्रियों को शपथ दिलाई. इनमें भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में रहा. संगठन और पश्चिमी यूपी की राजनीति में मजबूत पकड़ रखने वाले चौधरी की सरकार में वापसी को भाजपा की बड़ी रणनीतिक चाल माना जा रहा है.
भूपेंद्र चौधरी की कैबिनेट में वापसी को भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मान रही है. जाट समाज में मजबूत पकड़ रखने वाले चौधरी लंबे समय से संगठन और सरकार दोनों में प्रभावशाली भूमिका निभाते रहे हैं. राजनीतिक जानकारों का कहना है कि भाजपा 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर उन नेताओं को आगे ला रही है, जिनकी क्षेत्रीय समीकरणों पर मजबूत पकड़ है.
दिसंबर 2025 में प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी पंकज चौधरी को सौंपे जाने के बाद से ही भूपेंद्र चौधरी की नई भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज थीं. संगठन में लंबे समय तक सक्रिय रहने वाले चौधरी ने भाजपा के विस्तार में अहम भूमिका निभाई थी. अब सरकार में उनकी वापसी यह संकेत दे रही है कि पार्टी उन्हें केवल संगठन तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि प्रशासनिक जिम्मेदारी भी सौंपना चाहती है.
मंत्रिमंडल विस्तार में मुरादाबाद मंडल के कई नेताओं के नाम चर्चा में रहे. रामपुर विधायक आकाश सक्सेना और कुंदरकी से विधायक रामवीर सिंह को भी संभावित चेहरों के रूप में देखा जा रहा है. भाजपा मानती है कि इन नेताओं ने कठिन राजनीतिक हालात में पार्टी को बड़ी जीत दिलाई. ऐसे नेताओं को आगे लाकर भाजपा कार्यकर्ताओं को यह संदेश देना चाहती है कि जमीनी संघर्ष करने वालों को संगठन और सत्ता दोनों में महत्व मिलेगा.
भूपेंद्र चौधरी का राजनीतिक सफर भाजपा की कैडर आधारित राजनीति का उदाहरण माना जाता है. 1989 में पार्टी की सदस्यता लेने के बाद उन्होंने संगठन में लगातार जिम्मेदारियां निभाईं. जिलाध्यक्ष से लेकर चार बार क्षेत्रीय अध्यक्ष तक का उनका अनुभव उन्हें पार्टी के मजबूत रणनीतिकारों में शामिल करता है. यही वजह है कि संगठन और सरकार के बीच संतुलन बनाने में उनकी भूमिका अहम मानी जा रही है.