लखनऊ: राजधानी के मेहंदीपुर इलाके में गोलीबारी की घटना से लोगों में दहशत का माहौल है. घटना में BJP कार्यकर्ता को गोली लगी है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया है. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक हमला पोस्टरों और होर्डिंग्स को लेकर हुए विवाद से जुड़ी पुरानी रंजिश के चलते किया गया है. घायल श्याम चेतन तिवारी भारतीय जनता युवा मोर्चा की महानगर समिति का सदस्य है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के समय श्याम टिकैत राय तालाब के पास अपने घर के बाहर चल रहे निर्माण कार्य की देखरेख कर रहा था. इसी दौरान वहीं का रहने वाला वैभव बाजपेयी मौके पर पहुंचा और हथियार निकालकर श्याम पर गोली चला दी. श्याम को दो गोलियां लगीं हैं जिनमें से एक उसकी कमर के पास लगी.
पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि आरोपी ने श्याम को आते ही एक गोली मारी जिससे वह जमीन पर गिर गया. वहीं दूसरी गोली उसने श्याम को जमीन पर गिरने के बाद मारी है. वहीं गोलियों की आवाज सुनकर परिवार और आस-पास के लोग तुरंत वहां पहुंच गए. इसके बाद हमलावर लोगों को धमकाते हुए वहां से फरार हो गया. लोगों ने घायल श्याम को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है.
यहां देखें वीडियो
OMG !
— Oxomiya Jiyori 🇮🇳 (@SouleFacts) May 10, 2026
In Lucknow, BJYM leader Chetan Tiwari was shot multiple times in rapid succession and admitted to the hospital in critical condition.
See the audacity, from how close range, he is shooting multiple times. pic.twitter.com/TRb7zr9u37
इमरजेंसी हेल्पलाइन के जरिए इन्फोर्मेशन मिलने के बाद बाजार खाला और तालकटोरा थानों की पुलिस टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं. DCP पश्चिम कमलेश दीक्षित और ACP वीरेंद्र विक्रम सहित सीनियर अधिकारियों ने भी मौके का मुआयना किया है. पुलिस सबूत इकट्ठा करने और घटना के समय मौजूद गवाहों से पूछताछ कर रही है. इसके साथ ही फोरेंसिक जांच टीम को भी बुलाया गया है. पुलिस ने आरोपी वैभव बाजपेयी को हिरासत में ले लिया है.
पुलिस को शुरुआती जांच में यह पता चला है कि श्याम और वैभव के बीच इलाके में राजनीतिक पोस्टर और होर्डिंग्स लगाने को लेकर पहले भी झड़प हो चुकी थी. जांचकर्ताओं का मानना है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते शायत यह गोलीबारी की घटना हुई है.