मुंबई की लोकल ट्रेन में महिला के साथ छेड़छाड़ और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है. आरोप है कि छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक व्यक्ति ने महिला को रेलवे ट्रैक पर धक्का दे दिया. इस हादसे में महिला का बायां हाथ कोहनी के नीचे से कट गया. उसके सिर में भी गंभीर चोट आई, जिसके लिए 16 टांके लगाने पड़े. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. यह घटना 4 नवंबर को बोरिवली से विरार की ओर जाने वाली लोकल ट्रेन में हुई थी. महिला नायगांव स्टेशन के पास ट्रेन में सफर कर रही थी.
जानकारी के मुताबिक, ट्रेन के नायगांव स्टेशन पहुंचने के दौरान आरोपी ने महिला के सीने के पास गलत तरीके से छूने की कोशिश की. महिला ने इसका विरोध किया और चप्पल से आरोपी को मारा. इसके बाद दोनों के बीच बहस और गाली-गलौज शुरू हो गई.
पीड़िता के मुताबिक, स्टेशन पर ट्रेन रुकने के दौरान आरोपी ने अचानक उसे दोनों हाथों से जोरदार धक्का दे दिया. इससे वह दो डिब्बों के बीच से नीचे रेलवे ट्रैक पर जा गिरी. महिला ने खुद को बचाने के लिए प्लेटफॉर्म पर चढ़ने की कोशिश की, तभी लोकल ट्रेन चलने लगी. इस दौरान उसका बायां हाथ ट्रेन के पहियों के नीचे आ गया और कोहनी के नीचे का हिस्सा कट गया.
घटना के बाद आरोपी स्टेशन पर मौजूद भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया था. इस मामले में 6 नवंबर को भायंदर रेलवे पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया. शुरुआत में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 117(2) और 352 के तहत मामला दर्ज किया था.
हालांकि, पीड़िता के परिवार ने मामले में हत्या की कोशिश से जुड़ी धारा 109 नहीं लगाए जाने पर नाराजगी जताई. परिवार की मांग है कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला भी दर्ज किया जाए.
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के पदाधिकारियों ने भी इस मामले को लेकर वरिष्ठ रेलवे पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की. MNS पदाधिकारी सचिन पोपले के मुताबिक, पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि संबंधित धारा जोड़ने के लिए अदालत में पत्र दिया जाएगा.
इस घटना ने महिला की जिंदगी को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है. पीड़िता का कहना है कि उसका बायां हाथ हमेशा के लिए खराब हो गया है और अब उसे अपने भविष्य की चिंता सता रही है. वह अपने परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभालती थी, लेकिन इस हादसे के बाद परिवार के सामने भी कई मुश्किलें खड़ी हो गई हैं.
महिला ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है. इस घटना ने मुंबई की लोकल ट्रेनों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.