यूपी: झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद और उसके दोस्त सोनू की मौत हो गई. यह दुर्घटना झांसी-कानपुर हाईवे पर खिल्ली गांव के पास हुई. तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. कार उरई से झांसी की ओर जा रही थी. हादसे में अबान और सोनू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य साथी घायल हो गए.
इस दुखद खबर का असर जेल में बंद भाई अली पर सबसे ज्यादा पड़ा. झांसी जेल में बंद अली जब अपने छोटे भाई की मौत की खबर सुना तो वह पूरी तरह टूट गया. जेल अधीक्षक विनोद कुमार के मुताबिक अली बेहद परेशान हो गया. वह भावुक होकर रो पड़ा और बार-बार कहने लगा- 'सब बर्बाद हो गया...' अली अपने भाई की एक झलक देखने को बेताब था. उधर परिवार का दूसरा सदस्य अहजम अहमद भी घटनास्थल और पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई. टीम ने क्रेटा कार का बारीकी से निरीक्षण किया. कार से दो उपन्यास- 'स्टेशनरी ऑफ तेहरान' और 'इडियट' बरामद हुए. इसके अलावा सवार युवकों का सामान, गुटखा के पैकेट और इत्र की शीशी भी मिली. इन सभी सामानों को जांच के लिए जब्त कर लिया गया.
पोस्टमार्टम के बाद अबान और सोनू के शव परिजनों को सौंप दिए गए. सूत्रों के अनुसार शुक्रवार की नमाज के बाद अबान को कसारी-मसारी कब्रिस्तान में दफनाया जाएगा. यही जगह उनके पिता अतीक अहमद, चाचा अशरफ और बड़े भाई असद की अंतिम विश्रामस्थली भी है. अबान की कब्र उनके पिता अतीक अहमद की कब्र के ठीक बगल में तैयार की गई है.