menu-icon
India Daily

राजस्थान इंफ्लुएंसर अनीता बिश्नोई ने इंस्टाग्राम लाइव पर आकर खाया जहर, ट्रोलिंग के बाद उठाया कदम; Video

अनीता हाल ही में 'कपड़े हो गए छोटे' वाले वीडियो के कारण चर्चा में आई थीं. इस वीडियो में उन्होंने महिलाओं द्वारा छोटे और खुल्लम-खुल्ला कपड़े पहनने की आलोचना की थी. वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर भारी विरोध और ट्रोलिंग शुरू हो गई. कई लोग उन्हें गाली-गलौज करने लगे और अपमानजनक कमेंट्स करने लगे.

antima
Edited By: Antima Pal
राजस्थान इंफ्लुएंसर अनीता बिश्नोई ने इंस्टाग्राम लाइव पर आकर खाया जहर, ट्रोलिंग के बाद उठाया कदम; Video
Courtesy: x

राजस्थान: सोशल मीडिया पर वायरल हुई राजस्थानी महिला इंफ्लुएंसर अनीता दिनराम बिश्नोई ने बुधवार को इंस्टाग्राम लाइव के दौरान जहर खा लिया. लगातार ऑनलाइन ट्रोलिंग और धमकियों से परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया. उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है.

इंफ्लुएंसर ने इंस्टाग्राम लाइव पर आकर खाया जहर

घटना बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे शिकारगढ़ के गोडारों की ढाणी पर हुई. अनीता बिश्नोई ने लाइव वीडियो में जहर पीते हुए पूरे मामले की बात कही. उनके परिवार ने उन्हें तुरंत मथुरादास माथुर अस्पताल ले जाया, जहां डॉक्टर उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे हैं.

अनीता हाल ही में 'कपड़े हो गए छोटे' वाले वीडियो के कारण चर्चा में आई थीं. इस वीडियो में उन्होंने महिलाओं द्वारा छोटे और खुल्लम-खुल्ला कपड़े पहनने की आलोचना की थी. वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर भारी विरोध और ट्रोलिंग शुरू हो गई. कई लोग उन्हें गाली-गलौज करने लगे और अपमानजनक कमेंट्स करने लगे.

छह पुरुषों और दो महिलाओं के नाम लेकर लगाया आरोप

लाइव से पहले अनीता ने एक 90 सेकंड का वीडियो पोस्ट किया. इसमें उन्होंने छह पुरुषों और दो महिलाओं के नाम लेकर आरोप लगाया कि ये लोग उन्हें बदनाम कर रहे हैं. उन्होंने जमीन के विवाद का भी जिक्र किया और बताया कि दो महिलाओं से उनकी मारपीट भी हो चुकी है.

'जान से मारने की धमकियां मिलीं'

अनीता ने दावा किया कि उन्हें जान से मारने की धमकियां मिलीं. कहा गया कि उन्हें गाड़ी से कुचल दिया जाएगा. अपनी इज्जत पर कीचड़ उछालने की कोशिशें भी की गईं. इन सब बातों से तंग आकर उन्होंने यह कदम उठाया. इससे पहले उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट भी किया था- 'आज के बाद आपकी बहन इस दुनिया में नहीं दिखेगी.'

पोस्ट पढ़कर उनके फॉलोअर्स और परिवार वाले सकते में आ गए. अनीता बिश्नोई के पति ने बताया कि उनकी पत्नी पिछले कई दिनों से मानसिक रूप से परेशान थी. लगातार ट्रोलिंग और धमकियों ने उन्हें तोड़ दिया था. उन्होंने पुलिस से इन मामलों की जांच करने की मांग की है.

पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है. सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग और साइबर क्राइम को लेकर कानूनी कार्रवाई की बात भी कही जा रही है. अनीता बिश्नोई की सेहत की जानकारी मिलते ही उनके समर्थक और परिवार वाले अस्पताल पहुंच गए. डॉक्टरों का कहना है कि उनकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है.