menu-icon
India Daily

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में बड़ा अपडेट, राजस्थान के कोटा से 3 संदिग्ध हिरासत में

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. सूत्रों के मुताबिक, राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है. यह कार्रवाई राजस्थान पुलिस और एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने मिलकर की.

Shilpa Shrivastava
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में बड़ा अपडेट, राजस्थान के कोटा से 3 संदिग्ध हिरासत में
Courtesy: X

नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. सूत्रों के मुताबिक, राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है. यह कार्रवाई राजस्थान पुलिस और एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने मिलकर की. जानकारी के अनुसार, तीनों संदिग्ध मुंबई से दिल्ली जा रहे थे. इसी दौरान पुलिस ने उन्हें कोटा रेलवे स्टेशन पर पकड़ लिया. हिरासत में लिए गए लोगों में एक महाराष्ट्र और दो राजस्थान के रहने वाले बताए जा रहे हैं.

हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हिरासत में लिए गए तीनों लोग वही हैं, जिन्होंने रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में 36 वर्षीय टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की थी. पुलिस इस मामले की आगे जांच कर रही है. जांच के बाद ही आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो पाएगी.

ट्रेन से भाग रहे थे आरोपी: 

बताया जा रहा है कि कोटा से पकड़े गए तीनों संदिग्ध मुंबई से ट्रेन के जरिए निकले थे. वे पुणे से जयपुर जाने वाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस में सफर कर रहे थे. पुलिस को उनके कोटा पहुंचने की सूचना मिली, जिसके बाद रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई की गई. फिलहाल तीनों से कोटा में पूछताछ की जा रही है. जानकारी के अनुसार, पकड़े गए संदिग्धों में एक बिहार के बेगूसराय और दूसरा हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है. तीसरा आरोपी नाबालिग बताया जा रहा है, इसलिए उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है. हालांकि, कोटा पुलिस ने इन गिरफ्तारियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

CCTV से मिली अहम जानकारी:

टाइगर श्रॉफ पर रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में फायरिंग हुई थी. घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी. जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज की मदद से संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की गई. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त कर ली है. फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि फायरिंग के पीछे किसका हाथ था और इस वारदात की साजिश किसने रची. मामले में आगे की जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आ सकती है.