menu-icon
India Daily

राजस्थान में खौफनाक वारदात, जालोर में पोस्ट ऑफिस एजेंट को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, मौके पर मौत

राजस्थान के जालोर में एक पोस्ट ऑफिस एजेंट को जिंदा जलाने की घटना ने पूरे इलाके को हिला दिया है. आहोर बाइपास रोड के पास झाड़ियों में 40 साल के युवक को आग की लपटों में पाया गया. आसपास से गुजर रहे लोगों ने उसे जलता देखा तो तुरंत मौके पर पहुंचे.

antima
Edited By: Antima Pal
राजस्थान में खौफनाक वारदात, जालोर में पोस्ट ऑफिस एजेंट को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, मौके पर मौत
Courtesy: X

जालोर: राजस्थान के जालोर में एक पोस्ट ऑफिस एजेंट को जिंदा जलाने की घटना ने पूरे इलाके को हिला दिया है. आहोर बाइपास रोड के पास झाड़ियों में 40 साल के युवक को आग की लपटों में पाया गया. आसपास से गुजर रहे लोगों ने उसे जलता देखा तो तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने कपड़ा डालकर आग बुझाई और एंबुलेंस को सूचना दी.

राजस्थान में खौफनाक वारदात

गंभीर रूप से झुलसे युवक को पहले जालोर जिला अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जोधपुर रेफर कर दिया. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. डॉक्टरों के अनुसार उसके शरीर पर 80 फीसदी जलने के निशान थे. मृतक की पहचान जालोर शहर के लालपोल इलाके में ठाकुरद्वारा के पास रहने वाले युनूस खान पुत्र अशरफ खान के रूप में हुई. युनूस पोस्ट ऑफिस में एजेंट के रूप में काम करता था.

जालोर में पोस्ट ऑफिस एजेंट को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया

पुलिस उप-अधीक्षक गौतम जैन के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही एएसपी मोटाराम गोदारा, कोतवाली पुलिस और एमओबी टीम मौके पर पहुंच गई. टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए. मौके से एक बोतल भी बरामद हुई. युनूस का मोबाइल उसके घर से मिला.

गंभीर हालत में भी युनूस का बयान दर्ज किया गया. मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मी ने मोबाइल कैमरा ऑन करके उसका बयान रिकॉर्ड किया. युनूस ने बताया कि तीन युवक मुंह पर रुमाल बांधे उसके पास आए. उन्होंने उसे जबरन बाइक पर बैठाया और आहोर बाइपास रोड की झाड़ियों तक ले गए. वहां उन्होंने उसके ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी.

युनूस ने पुलिस को यह भी बताया कि वह उन तीनों युवकों को नहीं जानता था. पुलिस ने उससे पूछा कि क्या उसकी किसी से दुश्मनी थी, लेकिन इस सवाल पर उसने कोई जवाब नहीं दिया. घटना के पीछे की असल वजह अभी साफ नहीं हो पाई है. पुलिस इस दिशा में जांच कर रही है.