Rajasthan Civic Poll Results 2026: राजस्थान नगर निकाय चुनाव के नतीजों ने सियासी तस्वीर में बीजेपी के लिए बड़ी बढ़त दर्ज कराई है. अब तक घोषित 10,210 वार्डों में बीजेपी ने 4,171 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस को 3,597 वार्ड मिले. नतीजों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए इसे ‘झूठ की गूंज के सामने सत्य की विजय’ बताया. उन्होंने कहा कि जनता ने डबल इंजन सरकार की सुशासन और विकास की नीतियों पर भरोसा जताया है.
पीएम मोदी ने कहा कि जनता के इस जनादेश से राजस्थान को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प और मजबूत हुआ है. उन्होंने चुनाव में जीतने वाले सभी प्रत्याशियों के साथ बीजेपी के मेहनती कार्यकर्ताओं को भी बधाई दी. वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी परिणामों पर खुशी जताई. दोनों नेताओं ने इसे सरकार के कामकाज और पार्टी की नीतियों पर जनता के समर्थन के तौर पर पेश किया.
अमित शाह ने राजस्थान के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि बीजेपी की जीत प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और प्रदेश सरकार के सुशासन एवं विकास कार्यों पर जनता की मुहर है. उन्होंने कांग्रेस के शासन और भ्रष्टाचार का भी जिक्र किया. शाह ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठोड़ और पार्टी के मेहनती कार्यकर्ताओं को इस सफलता के लिए बधाई दी.
राजनाथ सिंह ने भी बीजेपी को मिले समर्थन को विकास और सुशासन से जोड़ा. उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में विकास, जनकल्याण और पारदर्शी प्रशासन पर भरोसा जताया है. बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी जनता का आभार जताया. उन्होंने कहा कि लोगों ने भ्रम फैलाने वालों और ‘नाराज फूफाओं’ को दरकिनार कर विकास और सुशासन पर भरोसा जताया है.
बीजेपी ने उदयपुर के 80 सदस्यीय नगर निगम में 53 वार्ड, भीलवाड़ा के 70 सदस्यीय निगम में 45 और कोटा के 100 सदस्यीय निगम में 53 वार्ड जीते. वहीं कांग्रेस ने बीकानेर में बेहतर प्रदर्शन किया. अजमेर और पाली में भी कांग्रेस बीजेपी से आगे रही. जयपुर और अलवर में बीजेपी ने बढ़त बनाई, जबकि जोधपुर में मुकाबला बराबरी का रहा. यहां बीजेपी और कांग्रेस ने 44-44 वार्ड जीते और 10 वार्ड निर्दलीयों के खाते में गए.
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर में तस्वीर बीजेपी की राज्यस्तरीय बढ़त से अलग रही. भरतपुर नगर निकाय के 65 वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवारों ने 36 में जीत या बढ़त हासिल की. बीजेपी 20 और कांग्रेस सात वार्डों पर विजयी या आगे रही. अजमेर के 80 वार्डों में कांग्रेस 37, बीजेपी 32 और निर्दलीय 11 वार्ड में जीते. पाली में कांग्रेस ने 29, बीजेपी ने 21 और निर्दलीयों ने 15 वार्ड जीते.
राज्यभर में निर्दलीय उम्मीदवारों का प्रदर्शन भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. उन्होंने कुल 2,272 वार्डों में जीत दर्ज की है. ऐसे में कई शहरी निकायों में बोर्ड के गठन और स्थानीय सत्ता के समीकरण में निर्दलीय अहम भूमिका निभा सकते हैं. राज्य में कुल 10,244 वार्डों के लिए मतगणना हुई थी, जिनमें शाम 5:45 बजे तक 10,210 वार्डों के परिणाम घोषित किए जा चुके थे.