जोधपुर के कुड़ी थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम तेज रफ्तार डंपर ने एक बाइक को टक्कर मार दी. हादसा झालामंड चौराहे पर करीब 6:30 बजे हुआ. बाइक पर पति-पत्नी रामदेवरा दर्शन से लौट रहे थे. टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला की मौके पर ही जान चली गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए. गुस्साई भीड़ ने डंपर चालक की पिटाई कर वाहन में आग लगा दी.
हादसे का CCTV फुटेज सामने आया है. इसमें सड़क पर सामान्य यातायात दिखाई देता है. इसी दौरान सड़क किनारे एक कार खड़ी नजर आती है, जबकि एक रिक्शा चालक रॉन्ग साइड से रिक्शा लेकर पैदल जा रहा होता है. तभी तेज रफ्तार डंपर वहां से गुजरता है और बाइक सवार महिला समेत रिक्शा चालक उसकी चपेट में आ जाते हैं.
एसीपी वेस्ट भजनलाल के अनुसार, बारां जिले के रहने वाले पति-पत्नी बाइक से रामदेवरा दर्शन कर लौट रहे थे. उनके साथ करीब 20 से 25 जातरुओं का जत्था भी था. झालामंड चौराहे के पास डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया.
टक्कर के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और डंपर चालक को पकड़ लिया. गुस्साई भीड़ ने उसकी पिटाई शुरू कर दी. इसके बाद 3 से 4 लोगों ने डंपर पर पेट्रोल छिड़ककर उसमें आग लगा दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया. हादसे के कारण चौराहे पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली. हादसे ने झालामंड चौराहे पर भारी वाहनों की रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. CCTV में डंपर की तेज रफ्तार के बीच हुई टक्कर ने घटना की गंभीरता को सामने ला दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है.