प्रतापगढ़: राजस्थान के प्रतापगढ़ में रविवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है. हादसा देवगढ़ थाना क्षेत्र में धरियावद रोड पर बंबोरी स्थित वेयरहाउस के पास रात करीब 9 बजे हुआ. यहां दो बाइकों की आमने सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में जान गंवाने वाले युवकों में दो ऐसे थे, जो पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सभा में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे.
पुलिस के अनुसार हादसे की सूचना मिलते ही देवगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची. घायलों को तुरंत प्रतापगढ़ जिला अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने जोगीखेड़ा खतौड़ी निवासी अनिल उम्र 25 वर्ष और शाहजी का पठार निवासी विकास उम्र 25 वर्ष को मृत घोषित कर दिया. वहीं बादल उम्र 20 वर्ष, कुलदीप उम्र 19 वर्ष और निलेश मीणा उम्र 24 वर्ष गंभीर रूप से घायल थे.
गंभीर हालत को देखते हुए बादल, कुलदीप और निलेश को उदयपुर रेफर किया गया. उदयपुर ले जाते समय निलेश ने दम तोड़ दिया. इसके बाद कुलदीप की भी सोमवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई. इस हादसे में अब तक चार युवकों की जान जा चुकी है. बादल का उदयपुर में इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
पुलिस की जांच में सामने आया कि रविवार को छुट्टी होने के कारण जोगीखेड़ा खतौड़ी निवासी अनिल, उसका भाई बादल और चचेरा भाई कुलदीप देवाक माता मंदिर गए थे. गांव से करीब 40 किलोमीटर दूर मंदिर में दर्शन करने के बाद तीनों पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सभा में शामिल हुए. सभा खत्म होने के बाद तीनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे.
गांव से करीब 15 किलोमीटर पहले बंबोरी के पास उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई. दूसरी बाइक पर शाहजी का पठार निवासी निलेश मीणा और उसका चचेरा भाई विकास मीणा सवार थे. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे की जानकारी मिलने के बाद अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर युवकों की मौत पर दुख जताया. उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायल युवक के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.