menu-icon
India Daily

पंजाब में थमने लगा बारिश का दौर, पूरे राज्य में शुष्क रहेगा मौसम

पंजाब में बारिश की गतिविधियां अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगी हैं. हालांकि मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के पूर्वानुमान के मुताबिक 18 और 19 सितंबर को कुछ जिलों में हल्की और छिटपुट बारिश हो सकती है, लेकिन 20 सितंबर से प्रदेश के सभी 23 जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
पंजाब में थमने लगा बारिश का दौर, पूरे राज्य में शुष्क रहेगा मौसम
Courtesy: AI

पंजाब में अगले कुछ दिनों के दौरान मानसूनी गतिविधियां सीमित होती नजर आ रही हैं. मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ की जिलावार रिपोर्ट में फिलहाल किसी भी जिले के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.

अपडेट के मुताबिक 18 और 19 सितंबर को कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि इसके बाद बारिश की संभावना लगभग खत्म हो जाएगी.

18 सितंबर को इन जिलों में बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक 18 सितंबर को पंजाब के उत्तरी और दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना है. पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर, एसएएस नगर, फरीदकोट, फिरोजपुर, फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा, मोगा, बरनाला, मानसा और संगरूर में छिटपुट बारिश हो सकती है. हालांकि, इन जिलों के लिए मौसम विभाग ने किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है. 

19 सितंबर को और सीमित हो जाएगी बारिश

19 सितंबर को बारिश का दायरा पहले के मुकाबले और छोटा हो जाएगा. पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, फिरोजपुर, फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब और रूपनगर में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. इसके अलावा राज्य के मध्य और पूर्वी हिस्सों में मौसम साफ रहने की संभावना है. लुधियाना, जालंधर, पटियाला, बठिंडा, संगरूर और एसएएस नगर समेत ज्यादातर जिलों में बारिश के आसार नहीं हैं.

तापमान में 1.9 डिग्री की गिरावट

बारिश की गतिविधियों के बीच पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में भी गिरावट आई है. 17 सितंबर की रिपोर्ट के अनुसार एक दिन में तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस नीचे आया और अब यह सामान्य के आसपास बना हुआ है. कुछ दिन पहले करीब 38 डिग्री तक पहुंचा तापमान अब 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.

मोहाली के मौसम केंद्र में राज्य का अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री रहा. चंडीगढ़ में पारा 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक है. अमृतसर में 30.8, लुधियाना में 32.4, पटियाला में 33.3, पठानकोट में 32.4, फरीदकोट में 31.5 और कपूरथला में 29.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा.

पंजाब के ज्यादातर हिस्सों में शनिवार को सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक मौसम शुष्क रहा. इस दौरान सलेरन, होशियारपुर और भाखड़ा बांध-नंगल, रूपनगर में 0.5-0.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. कुल मिलाकर तापमान में आई गिरावट ने प्रदेश में गर्मी से लोगों को कुछ राहत दी है.