menu-icon
India Daily

Punjab Weather: पंजाब में फिर सक्रिय होगा मानसून! तीन दिन तक बारिश के आसार, कई जिलों के लिए अलर्ट जारी

पंजाब में 2 से 4 अगस्त तक मानसून सक्रिय रहेगा. पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर समेत कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
Punjab Weather: पंजाब में फिर सक्रिय होगा मानसून! तीन दिन तक बारिश के आसार, कई जिलों के लिए अलर्ट जारी
Courtesy: Chatgpt

चंडीगढ़: पंजाब में आने वाले तीन दिनों तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग चंडीगढ़ के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 2 अगस्त से 4 अगस्त तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश और गरज चमक की गतिविधियां जारी रहेंगी. हालांकि फिलहाल किसी भी जिले के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है. 

मौसम विभाग ने उत्तर और पूर्वी पंजाब के कुछ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि बाकी क्षेत्रों में हल्की बारिश या सामान्य मौसम रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने 2 अगस्त के लिए पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर और रूपनगर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. 

कैसा रहेगा मौसम?

इन क्षेत्रों में गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब, फिरोजपुर, फाजिल्का, मुक्तसर, फरीदकोट, मोगा, बठिंडा, मानसा, बरनाला और संगरूर सहित अन्य जिलों में किसी विशेष मौसम चेतावनी की घोषणा नहीं की गई है.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

3 अगस्त को मौसम का प्रभाव कुछ और जिलों तक फैलने की संभावना है. इस दिन पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, फाजिल्का, मुक्तसर और बठिंडा को येलो श्रेणी में रखा गया है. 4 अगस्त को भी लगभग यही स्थिति बनी रहने का अनुमान है. इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज चमक की संभावना जताई गई है, जबकि बाकी जिलों में मौसम सामान्य रह सकता है.

कितना था तापमान?

शनिवार को पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, हालांकि यह सामान्य स्तर के आसपास बना रहा. बठिंडा राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. चंडीगढ़ में 35.2 डिग्री, अमृतसर में 34.3 डिग्री, लुधियाना में 34.8 डिग्री, पटियाला में 34.9 डिग्री, फाजिल्का में 35.6 डिग्री, मोहाली में 35.0 डिग्री और फिरोजपुर में 34.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.