मोहाली नगर निगम मेयर चुनाव को लेकर राजनीतिक हलकों में सस्पेंस बरकरार है. आम आदमी पार्टी के पास स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद पार्टी ने मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद के उम्मीदवारों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं. मंगलवार दोपहर तीन बजे निगम सदन की विशेष बैठक में शपथ ग्रहण के बाद चुनाव प्रक्रिया पूरी होगी और नए पदाधिकारियों के नामों का ऐलान होगा.
मोहाली नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 27 सीटें जीतकर शानदार प्रदर्शन किया था. इसके अलावा विधायक कुलवंत सिंह को भी सदन में मतदान का अधिकार है. चार निर्दलीय पार्षदों का समर्थन भी पार्टी को मिलने का दावा किया जा रहा है. ऐसे में तीनों पदों पर आप उम्मीदवारों की जीत लगभग तय मानी जा रही है, फिर भी पार्टी नेतृत्व नामों पर पूरी गोपनीयता बनाए हुए है.
मेयर पद के लिए सबसे चर्चित नाम लगातार तीसरी बार पार्षद बने सरबजीत सिंह समाना का है. विधायक कुलवंत सिंह के पुत्र होने के साथ साथ संगठन में उनकी सक्रियता उन्हें मजबूत दावेदार बनाती है. इसके अलावा वाटर सप्लाई बोर्ड के चेयरमैन डॉ. सनी अहलूवालिया, वरिष्ठ पार्षद गुरमीत कौर और चौथी बार जीते सुखदेव सिंह पटवारी के नाम भी चर्चा में हैं. सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए रमनप्रीत कौर कुंभड़ा, आरपी शर्मा, हरपाल सिंह चन्ना और गुरमुख सिंह सोहल के नाम सामने आ रहे हैं.
राजनीतिक हलकों में इस बीच एक और चर्चा गर्म है. बताया जा रहा है कि करीब 22 पार्षद पिछले कुछ दिनों से हिमाचल प्रदेश के किसी रिसॉर्ट में ठहरे हुए हैं और उनके फोन स्विच ऑफ हैं. हालांकि पार्टी नेताओं का कहना है कि चुनावी थकान के बाद सभी पार्षद सामूहिक विश्राम पर गए हैं और मंगलवार को सीधे निगम सदन पहुंचकर शपथ व मतदान में हिस्सा लेंगे.
आप की जिला अध्यक्ष प्रभजोत कौर ने स्पष्ट किया है कि अभी किसी नाम पर अंतिम निर्णय नहीं हुआ है. हाईकमान की मंजूरी के बाद ही उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाएंगे. सूत्रों के अनुसार पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री अमन अरोड़ा स्वयं मोहाली पहुंचकर तीनों पदों के उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर सकते हैं. नगर निगम आयुक्त संदीप सिंह ने बताया कि बैठक में मतदान हाथ खड़े कराकर संपन्न कराया जाएगा.