menu-icon
India Daily

मोहाली से राजस्थान तक मानव तस्करी का खेल? फिल्मों में काम का सपना दिखाकर बिछाया खौफनाक जाल

मोहाली की एक युवती को फिल्मों में काम दिलाने का झांसा देकर राजस्थान ले जाकर बेचने का आरोप सामने आया है. मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पंजाब राज्य महिला आयोग ने भी स्वत: संज्ञान लेकर रिपोर्ट तलब की है.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
मोहाली से राजस्थान तक मानव तस्करी का खेल? फिल्मों में काम का सपना दिखाकर बिछाया खौफनाक जाल
Courtesy: Pinterest

मोहाली: मोहाली से सामने आए एक गंभीर मामले ने मानव तस्करी और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. आरोप है कि एक युवती को फिल्मों में काम दिलाने का सपना दिखाकर राजस्थान ले जाया गया और वहां उसका सौदा कर दिया गया. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वहीं पंजाब राज्य महिला आयोग ने भी इस पूरे प्रकरण को गंभीर मानते हुए विस्तृत रिपोर्ट मांगी है.

कैसे सामने आया पूरा मामला

शिकायत के अनुसार मोहाली की रहने वाली युवती को कुछ लोग फिल्मों में काम दिलाने का भरोसा देकर अपने साथ ले गए. बाद में उसे राजस्थान में कथित तौर पर बेच दिया गया. घटना का खुलासा तब हुआ जब उसी गिरोह के चंगुल से निकलकर एक दूसरी युवती मोहाली पहुंची और पीड़ित परिवार को पूरी जानकारी दी.

परिवार से मांगी गई बड़ी रकम

सामाजिक कार्यकर्ता बलविंदर सिंह कुंभड़ा ने बताया कि वापस लौटी युवती को छोड़ने के बदले उसके परिवार से डेढ़ लाख रुपये मांगे गए. आर्थिक तंगी के बावजूद परिवार ने खेत और गहने गिरवी रखकर रकम जुटाई और आरोपितों के बताए बैंक खाते में ऑनलाइन भेज दी. इसके बाद युवती को वापस लाया गया.

कई और युवतियों के होने का दावा

मुक्त कराई गई युवती ने बताया कि जिस स्थान पर उसे रखा गया था वहां कई अन्य युवतियां भी मौजूद थीं. उसे आशंका है कि उन सभी को भी इसी तरह गलत तरीके से वहां रखा गया था. इस बीच लापता युवती ने किसी दूसरे व्यक्ति के मोबाइल फोन से अपनी लोकेशन भी साझा की, जिसे पुलिस को सौंप दिया गया है.

महिला आयोग ने लिया संज्ञान

मामले की गंभीरता को देखते हुए पंजाब राज्य महिला आयोग ने स्वत: संज्ञान लिया है. आयोग ने मोहाली पुलिस से कार्यवाही की प्रगति रिपोर्ट जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्यवाही की जाएगी.

पुलिस नेटवर्क की कर रही जांच

पुलिस अब युवती को सुरक्षित बरामद करने के साथ पूरे गिरोह की भूमिका की भी जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में मानव तस्करी के बड़े नेटवर्क के प्रमाण मिलते हैं तो मामले में शामिल सभी आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही अन्य संभावित पीड़ितों तक पहुंचने का भी प्रयास जारी है.