menu-icon
India Daily

चंडीगढ़ में लगातार बारिश ने बढ़ाई लोगों की परेशानी, शहर में लगा जाम; अगले 5 दिन भारी वर्षा का अलर्ट

चंडीगढ़ में लगातार हो रही बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत तो दी, लेकिन शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई. प्रमुख चौकों पर गुरुवार को घंटों जाम लगा रहा, जबकि मौसम विभाग ने 14 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहने की चेतावनी जारी की गई है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
चंडीगढ़ में लगातार बारिश ने बढ़ाई लोगों की परेशानी, शहर में लगा जाम; अगले 5 दिन भारी वर्षा का अलर्ट
Courtesy: ANI

चंडीगढ़ में लगातार हो रही बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत तो दी, लेकिन शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई. प्रमुख चौकों पर घंटों जाम लगा रहा, जबकि मौसम विभाग ने 14 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहने और कई दिनों तक भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है.

मानसून की सक्रियता के साथ हो रही लगातार बारिश ने भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत जरूर पहुंचाई है, लेकिन इसके साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई. शहर में गुरुवार को हुई 34 मिमी बारिश के बाद शहर के लगभग सभी प्रमुख मार्गों और चौकों पर लंबा जाम लग गया.

अगले पांच दिनों तक भारी बारिश की संभावना

चंडीगढ़ में सुबह से शुरू हुई बारिश का असर देर शाम तक देखने को मिला. हजारों लोगों को दफ्तर, स्कूल, कॉलेज और अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचने में सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक समय लगा. मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. बारिश शुरू होते ही शहर के प्रमुख ट्रैफिक जंक्शनों पर वाहनों का दबाव तेजी से बढ़ गया. हालात इतने बिगड़ गए कि ट्रैफिक पुलिस को कई प्रमुख चौराहों पर स्वचालित सिग्नल बंद कर मैनुअल तरीके से यातायात नियंत्रित करना पड़ा. 

इन प्रमुख चौकों पर सबसे अधिक दबाव

बारिश के दौरान हल्लोमाजरा चौक, एयरपोर्ट लाइट प्वाइंट, हाउसिंग बोर्ड चौक, ट्रिब्यून चौक और ट्रांसपोर्ट चौक सबसे अधिक प्रभावित रहे. इसके अलावा सेक्टर-17 से सेक्टर-22 को जोड़ने वाले मार्ग पर यातायात लगभग ठप हो गया. बापूधाम से सेंट कबीर स्कूल तक वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी रही. ट्रांसपोर्ट चौक की ओर जाने वाला मार्ग पूरे दिन दबाव में रहा, जबकि पंचकूला-चंडीगढ़ सीमा पर भी लंबा जाम लगा रहा.

यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान संभव हो तो वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें. साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं और अनावश्यक यात्रा से बचें. मौसम विभाग के निदेशक सुरिंदर पाल के अनुसार चंडीगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है. 10 से 14 जुलाई तक आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.