देहरादून: उत्तराखंड सरकार राज्य के युवा खिलाड़ियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन खेल छात्रवृत्ति योजना चला रही है. इस योजना के तहत हरिद्वार जिले के 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के 300 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हर महीने 1500 रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी.
इसमें 150 बालक और 150 बालिकाओं का चयन किया जाएगा. योजना का उद्देश्य आर्थिक सहायता देकर बच्चों को बेहतर खेल प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है. इसके लिए खिलाड़ियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा और चयन ट्रायल में भाग लेना होगा.
योजना में आवेदन करने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए सबसे पहले khelouk.in पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य है. पोर्टल पर लॉगिन करने के बाद अभ्यर्थियों को जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे. ऑनलाइन आवेदन के बिना किसी भी खिलाड़ी को चयन प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा. खेल विभाग ने सभी पात्र खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है.
प्रारंभिक चयन ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों को आधार कार्ड, पासपोर्ट आकार का फोटो, जन्म प्रमाण पत्र, बैंक खाते की पासबुक, स्थायी निवास प्रमाण पत्र की मूल प्रति और उसकी छायाप्रति साथ लानी होगी. दस्तावेजों का सत्यापन होने के बाद ही प्रतिभागियों को ट्रायल में शामिल किया जाएगा. इसलिए सभी दस्तावेज पहले से तैयार रखने की सलाह दी गई है.
योजना के तहत न्याय पंचायत और नगर पंचायत क्षेत्र के प्रत्येक विद्यालय से दो बालक और दो बालिकाओं को चयन प्रक्रिया में भाग लेने का अवसर मिलेगा. वहीं ब्लॉक और नगर निगम स्तर पर प्रत्येक आयु वर्ग से छह बालक और छह बालिकाओं का चयन ट्रायल के लिए किया जाएगा. नगर पालिका स्तर पर प्रत्येक आयु वर्ग से तीन बालक और तीन बालिकाएं प्रतिभाग करेंगी. इस व्यवस्था का उद्देश्य जिले के अधिक से अधिक प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को समान अवसर देना है.
चयन प्रक्रिया पूरी तरह पी सैट यानी शारीरिक दक्षता अंक प्रणाली के आधार पर होगी. खिलाड़ियों का प्रदर्शन, शारीरिक क्षमता और निर्धारित मानकों के अनुसार मूल्यांकन किया जाएगा. आयु की गणना एक जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी. चयन ट्रायल 13, 14, 15, 20, 21, 26, 27 और 28 जुलाई को आयोजित किए जाएंगे. चयनित खिलाड़ियों को हर महीने 1500 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी ताकि वे अपने खेल प्रशिक्षण को बेहतर तरीके से जारी रख सकें.
खेल विभाग ने खिलाड़ियों और अभिभावकों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं. किसी भी जानकारी के लिए 8791336333 और 9627101026 पर संपर्क किया जा सकता है. इसके अलावा जिला खेल अधिकारी हरिद्वार के फेसबुक पेज पर भी योजना और चयन प्रक्रिया से जुड़ी सभी जरूरी जानकारियां उपलब्ध कराई जाएंगी. विभाग ने सभी पात्र खिलाड़ियों से समय पर आवेदन कर इस योजना का लाभ उठाने की अपील की है.