menu-icon
India Daily

रॉन्ग साइड से आ ट्रैक्टर-ट्रॉली ने साइकिल सवार को कुचला, 45 मिनट तक नहीं पहुंची एंबुलेंस; सड़क पर तड़प कर हुई व्यक्ति की मौत

लुधियाना के शेरपुर चौक के पास रॉन्ग साइड से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने साइकिल सवार को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. चलिए जानते हैं पुलिस ने कैसे संभाली स्थिति.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
रॉन्ग साइड से आ ट्रैक्टर-ट्रॉली ने साइकिल सवार को कुचला, 45 मिनट तक नहीं पहुंची एंबुलेंस; सड़क पर तड़प कर हुई व्यक्ति की मौत
Courtesy: Pinterest

लुधियाना: लुधियाना के शेरपुर चौक के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार की मौत हो गई. तेज रफ्तार और रॉन्ग साइड से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने साइकिल सवार को कुचल दिया. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली गलत दिशा से आ रही थी. इसी दौरान साइकिल सवार उसकी चपेट में आ गया और ट्रॉली के नीचे फंस गया. हादसा इतना भयानक था कि व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी ड्राइवर वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया.

पंजाब पुलिस के एएसआई ने क्या बताया?

मामले की जानकारी देते हुए पंजाब पुलिस के एएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि रॉन्ग साइड से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक साइकिल सवार को टक्कर मार दी. जांच के दौरान पता चला कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी. पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है.

मौके पर मौजूद चश्मदीद ने क्या बताया?

मौके पर मौजूद चश्मदीद बिंदर ने बताया कि हादसे के बाद काफी देर तक कोई मदद नहीं पहुंची. उनका कहना है कि एंबुलेंस समय पर नहीं आई और बाद में वह खुद निजी एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे. हालांकि तब तक घायल व्यक्ति की मौत हो चुकी थी.

स्थानीय लोगों ने क्या लगाया आरोप?

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद पुलिस और प्रशासन करीब 45 मिनट की देरी से घटनास्थल पर पहुंचे. लोगों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए.

पुलिस ने कैसे संभाली वहां की स्थिति?

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल लुधियाना की मोर्चरी में भिजवा दिया. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और वहां आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.