पंजाब के लुधियाना में ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. सर्राफा बाजार में काम करने वाले एक युवा कारीगर को कुछ शातिर बदमाशों ने धार्मिक बातों में उलझाकर लाखों रुपये के सोने के गहनों से हाथ धोने पर मजबूर कर दिया. घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में भी चिंता का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, पीड़ित आसिफ मूल रूप से कोलकाता का रहने वाला है और पिछले एक वर्ष से लुधियाना के सर्राफा बाजार में सोने की कारीगरी सीख रहा है. घटना वाले दिन वह छह सोने की अंगूठियां तैयार करवाकर अपने मालिक के पास लौट रहा था. इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे रास्ते में रोककर किसी पॉलिश करने वाले कारीगर का पता पूछा. आसिफ ने जानकारी न होने की बात कही, तो आरोपी ने बातचीत बढ़ाते हुए उसे अपने झांसे में ले लिया. कुछ ही मिनटों में उसने धार्मिक भावनाओं का सहारा लेकर कारीगर का भरोसा जीत लिया.
ठग ने आसिफ के हाथ में अगरबत्तियां थमाईं और नमाज का हवाला देते हुए उससे कुछ धार्मिक शब्द दोहराने को कहा. इसके बाद उसने आंखें बंद करके कुछ कदम आगे चलने की सलाह दी. आसिफ ने सम्मानवश उसकी बात मान ली. इसी दौरान आरोपी ने बड़ी सफाई से उसकी जेब से सोने की छह अंगूठियां निकाल लीं. जब आसिफ ने आंखें खोलीं तो वहां कोई मौजूद नहीं था. चोरी हुए गहनों की कीमत करीब 5 से 6 लाख रुपये बताई जा रही है. पूरी वारदात कुछ ही सेकंड में अंजाम दे दी गई.
घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई. फुटेज में कुछ संदिग्ध लोग वारदात से पहले गली में घूमते और इलाके की रेकी करते दिखाई दिए हैं. पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. दूसरी ओर, आसिफ का कहना है कि उसका मालिक नुकसान की भरपाई का दबाव बना रहा है. उसने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है.