menu-icon
India Daily

चंडीगढ़ के 42 सरकारी स्कूलों में 11वीं के दाखिले शुरू, 25 जून तक करें आवेदन; 13920 सीटों पर मिलेगा प्रवेश

चंडीगढ़ के 42 सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में 11वीं कक्षा के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है. विद्यार्थी 25 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इस बार 13920 सीटों पर दाखिला दिया जाएगा और 30 नए स्किल विषयों का विकल्प भी मिलेगा.

babli
Edited By: Babli Rautela
चंडीगढ़ के 42 सरकारी स्कूलों में 11वीं के दाखिले शुरू, 25 जून तक करें आवेदन; 13920 सीटों पर मिलेगा प्रवेश
Courtesy: Social Media

चंडीगढ़ के सरकारी स्कूलों में 11वीं कक्षा में प्रवेश का इंतजार कर रहे विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है. शिक्षा विभाग ने 42 सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में दाखिले की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इसके लिए प्रवेश प्रॉस्पेक्टस जारी कर दिया गया है और विद्यार्थी अब ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है ताकि छात्रों को सुविधा मिल सके और प्रवेश प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे.

25 जून तक कर सकेंगे आवेदन

शिक्षा विभाग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार विद्यार्थी 25 जून रात 12 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के लिए 250 रुपये रजिस्ट्रेशन फीस निर्धारित की गई है. विद्यार्थियों की मदद के लिए शहर के सभी सरकारी स्कूलों में हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं. यहां छात्र निशुल्क आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे और आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे. इस वर्ष शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों के लिए सीटों की संख्या बढ़ाने का फैसला लिया है. पिछले साल जहां 13875 सीटें उपलब्ध थीं, वहीं इस बार 13920 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा. सीटों में वृद्धि का मुख्य कारण सभी सरकारी स्कूलों में नए वोकेशनल और स्किल आधारित विषयों की शुरुआत है.

30 स्किल और वोकेशनल विषयों का मिलेगा विकल्प

नई शिक्षा व्यवस्था के तहत विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुसार स्किल आधारित विषय चुनने का अवसर मिलेगा. खास बात यह है कि छात्रों को पूरा वोकेशनल संकाय लेने की आवश्यकता नहीं होगी. वे अपने मुख्य विषयों के साथ एक स्किल विषय भी चुन सकेंगे. इन विषयों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सूचना प्रौद्योगिकी, वेब एप्लीकेशन, बैंकिंग, मार्केटिंग, बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन, हेल्थ केयर, पर्यटन, फूड प्रोडक्शन, ब्यूटी एंड वेलनेस, योग, फैशन स्टडीज, इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोटिव, फ्रंट ऑफिस ऑपरेशन, कंप्यूटर एप्लीकेशन, हिंदी और अंग्रेजी शॉर्टहैंड जैसे कई रोजगारोन्मुखी कोर्स शामिल हैं.

रोजगार परक शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा

स्कूल शिक्षा विभाग के निदेशक नितिश सिंगल के अनुसार स्किल इंडिया अभियान को ध्यान में रखते हुए सभी स्कूलों में वोकेशनल शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है. इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ साथ व्यावहारिक और रोजगार संबंधी कौशल उपलब्ध कराना है ताकि भविष्य में उन्हें बेहतर अवसर मिल सकें. स्किल आधारित शिक्षा को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए विभाग 38 नए पार्ट टाइम विशेषज्ञों की नियुक्ति करेगा. ये विशेषज्ञ विद्यार्थियों को विभिन्न व्यावसायिक और तकनीकी विषयों की ट्रेनिंग देंगे. इससे छात्रों को आधुनिक उद्योगों और रोजगार बाजार की आवश्यकताओं के अनुसार प्रशिक्षण मिल सकेगा.