रायपुर: छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले से लगे तिल्दा क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने भयावह रूप ले लिया. 10वीं कक्षा के दो छात्रों के बीच लंबे समय से चल रही नाराजगी शुक्रवार को खूनी संघर्ष में बदल गई, जिसमें एक छात्र की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
मामला तिल्दा थाना क्षेत्र के सासाहोली गांव का है. मृतक छात्र की पहचान 16 वर्षीय अमन यदु के रूप में हुई है. वहीं आरोपी छात्र की उम्र 15 वर्ष बताई गई है. दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे और पहले अच्छे दोस्त माने जाते थे. दोनों ने सासाहोली के सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल से 10वीं की पढ़ाई की थी और हाल ही में परीक्षा भी पास की थी.
जानकारी के अनुसार 10वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान आरोपी छात्र ने अमन को मोटा कहकर चिढ़ाया था. यह बात अमन को काफी बुरी लगी और तभी से दोनों के बीच मनमुटाव शुरू हो गया. समय के साथ यह नाराजगी बढ़ती गई और दोनों के रिश्ते खराब होते चले गए.
शुक्रवार को स्कूल की छुट्टी के बाद दोनों छात्र घर लौट रहे थे. इसी दौरान अमन ने आरोपी छात्र को रास्ते में बुलाया और पुरानी बात को लेकर बहस शुरू कर दी. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच मारपीट होने लगी.
पुलिस जांच में सामने आया है कि अमन अपने साथ सब्जी काटने वाला चाकू लेकर आया था. विवाद के दौरान उसने आरोपी छात्र के गले पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया. इसके बाद दोनों के बीच संघर्ष हुआ और आरोपी छात्र ने किसी तरह चाकू अमन के हाथ से छीन लिया.
चाकू हाथ में आते ही आरोपी छात्र ने अमन पर हमला कर दिया. उसने अमन के सीने और गर्दन पर कई वार किए. गंभीर रूप से घायल अमन मौके पर ही गिर पड़ा. स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन अधिक खून बहने के कारण उसकी मौत हो गई.
इस घटना में आरोपी छात्र भी घायल हुआ है. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है. डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है.
घटना की सूचना मिलते ही तिल्दा नेवरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. आसपास के लोगों और चश्मदीदों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.