बठिंडा: पंजाब सरकार की जनकल्याणकारी मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत बठिंडा जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए प्रदेश में अग्रणी स्थान प्राप्त किया है. जिले के सरकारी और सूचीबद्ध अस्पतालों में न केवल स्थानीय मरीज बल्कि पंजाब के अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग उपचार के लिए पहुंच रहे हैं.
सिविल सर्जन ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और कैशलेस इलाज की सुविधा प्रदान की जा रही है. स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं ताकि अधिक से अधिक लोगों को इस योजना का लाभ मिल सके.
उन्होंने कहा कि बठिंडा के स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध विशेषज्ञ डॉक्टरों, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और समय पर मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं के कारण जिले की पहचान एक भरोसेमंद चिकित्सा केंद्र के रूप में बनी है. यही वजह है कि दूसरे जिलों के मरीज भी इलाज के लिए बठिंडा का रुख कर रहे हैं.
डॉ. तपिंदरजोत के अनुसार मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना में प्रदेश स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल करना पूरे स्वास्थ्य विभाग के लिए गर्व का विषय है. यह उपलब्धि स्वास्थ्य कर्मियों, चिकित्सकों और प्रशासनिक अधिकारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है, जिन्होंने योजना को सफल बनाने के लिए लगातार काम किया है.
बैठक के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि लोगों को योजना की जानकारी पहुंचाने में मास मीडिया विंग की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही है. जागरूकता अभियानों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना से जोड़ने का प्रयास किया गया, जिसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिला है.
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि भविष्य में भी योजना के दायरे को और मजबूत बनाने, लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने तथा बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे. सरकार की मंशा है कि जरूरतमंद लोगों को आर्थिक बोझ के बिना बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें.