अमृतसर: अमृतसर के वेरका इलाके में मंगलवार तड़के दो आपराधिक गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. पुलिस पर फायरिंग करने वाले एक आरोपी को जवाबी कार्रवाई में गोली लगी, जबकि तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर हथियार बरामद किए गए हैं.
पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर के अनुसार, तड़के सूचना मिली थी कि वेरका के पास दो गुट आमने-सामने आ गए हैं और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है. सूचना मिलते ही थाना बी-डिवीजन के प्रभारी इंस्पेक्टर बलजिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे.
पुलिस ने दोनों पक्षों का पीछा किया, जिसके दौरान एक गुट सड़क पर ही मिल गया. पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन हालात अचानक बिगड़ गए.
पुलिस के मुताबिक आरोपितों ने पुलिस पार्टी को देखते ही गोलीबारी शुरू कर दी. शुरुआत में पुलिस ने आत्मरक्षा और चेतावनी के तौर पर हवा में फायर किए, लेकिन आरोपित लगातार फायरिंग करते रहे.
स्थिति गंभीर होते देख पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. इसी दौरान आरोपी कृष्णा सोनी ने कथित तौर पर पुलिस पर गोली चलाई, जिसके बाद पुलिस ने उसे निशाना बनाते हुए उसके दोनों पैरों में गोली मार दी.
गोली लगने के बाद कृष्णा सोनी घायल होकर गिर पड़ा. पुलिस ने उसे मौके से हिरासत में ले लिया. जांच के दौरान पता चला कि घायल आरोपी ने अपनी पिस्तौल एक साथी को सौंपने की कोशिश की थी.
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कृष्णा सोनी के अलावा रंजीत सिंह उर्फ बॉबी और गौतम मेहरा को भी गिरफ्तार कर लिया. आरोपितों के कब्जे से एक पिस्तौल बरामद की गई है.
पुलिस के अनुसार घटना के दौरान गिरोह के तीन अन्य सदस्य कार में सवार होकर फरार हो गए. उनकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है.
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ पहले भी विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं. रंजीत सिंह उर्फ बॉबी पर मजीठा क्षेत्र में केस दर्ज है. वहीं गौतम मेहरा पर शराब तस्करी और कृष्णा सोनी पर नशा तस्करी से जुड़े मामले दर्ज बताए जा रहे हैं. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और फरार आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है.