menu-icon
India Daily

7 साल की रंजिश का खौफनाक अंजाम, जमीन विवाद को लेकर अकाली नेता की बेरहमी से हत्या

होशियारपुर के गांव मन्नण में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया. शिरोमणि अकाली दल के नेता हरपिंदर सिंह उर्फ सोनू की कथित हमले में मौत हो गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

KanhaiyaaZee
7 साल की रंजिश का खौफनाक अंजाम, जमीन विवाद को लेकर अकाली नेता की बेरहमी से हत्या
Courtesy: Cpcept Image

चंडीगढ़: पंजाब के होशियारपुर जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. गांव मन्नण में जमीन को लेकर चल रहे पुराने विवाद के बीच शिरोमणि अकाली दल से जुड़े नेता हरपिंदर सिंह उर्फ सोनू की मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि रंजिश के चलते उन पर हमला किया गया, जिसके बाद उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. घटना के बाद गांव में तनाव और शोक का माहौल बना हुआ है.

मृतक हरपिंदर सिंह शिरोमणि अकाली दल के परिवहन प्रकोष्ठ में जिला स्तर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पद पर जिम्मेदारी निभा रहे थे. परिवार के मुताबिक गांव में करीब तीन कनाल जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. यह मामला अदालत तक पहुंचा और वर्षों तक कानूनी प्रक्रिया चलती रही. हाल ही में आए फैसले में जमीन का अधिकार हरपिंदर सिंह के पक्ष में माना गया था.

कब्जे को लेकर बढ़ा तनाव

परिजनों का कहना है कि कुछ दिन पहले हरपिंदर सिंह विवादित जमीन पर कब्जा लेने पहुंचे थे. इस दौरान दूसरे पक्ष के लोगों के साथ उनकी बहस भी हुई थी. मामले की जानकारी गांव के सरपंच और पुलिस तक पहुंचाई गई थी. परिवार का दावा है कि इसी विवाद ने बाद में गंभीर रूप ले लिया और पुरानी रंजिश लगातार बढ़ती चली गई.

रास्ते में रोकने का आरोप

परिवार के अनुसार वीरवार दोपहर हरपिंदर सिंह अपने काम से लौट रहे थे. गांव के नजदीक नहर के पास कुछ लोगों ने उन्हें रोकने की कोशिश की. वह वहां से आगे निकल गए, लेकिन आरोप है कि कुछ लोग लगातार उनका पीछा करते रहे. घर पहुंचने से पहले उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मारी गई, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े.

अस्पताल में चली जिंदगी की जंग

परिजनों ने आरोप लगाया कि गिरने के बाद कई लोगों ने उन पर हमला किया. गंभीर हालत में उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन देर रात उनकी हालत बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया. इस खबर के बाद परिवार और समर्थकों में गहरा दुख फैल गया.

जांच में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.