menu-icon
India Daily

'किसी को बख्शेंगे नहीं...' टाइगर पर हुए हमले के बाद एकनाथ शिंदे ने दिया सुरक्षा का भरोसा

टाइगर श्रॉफ पर गोली चलने के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे देर रात अभिनेता के घर पहुंचे और उनसे मुलाकात की. उन्होंने टाइगर और उनके परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिया है.

Shilpa Shrivastava
'किसी को बख्शेंगे नहीं...' टाइगर पर हुए हमले के बाद एकनाथ शिंदे ने दिया सुरक्षा का भरोसा
Courtesy: ANI X

जुहू: मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया. हमलावरों ने उनकी BMW कार पर पांच राउंड गोलियां चलाईं. इस घटना में टाइगर के ड्राइवर फिरदौस और एक ऑटो चालक घायल हो गए. टाइगर भी इस घटना में घायल हो गए. घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे देर रात अभिनेता के घर पहुंचे और उनसे मुलाकात की. उन्होंने टाइगर और उनके परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिया है.

टाइगर के दाएं हाथ पर मिले बारूद से जलने के निशान:

एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ से मुलाकात के बाद बताया कि अभिनेता के दाएं हाथ पर बारूद से जलने के निशान हैं. हालांकि, उन्हें गोली नहीं लगी है. शिंदे के मुताबिक, इस घटना से अभिनेता और उनका परिवार चिंतित है. परिवार ने उपमुख्यमंत्री को बताया कि उनकी किसी से दुश्मनी या विवाद नहीं है. ऐसे में पुलिस के सामने हमले की वजह का पता लगाना एक अहम चुनौती बन गई है.

शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार और मुंबई पुलिस अभिनेता के परिवार के साथ हैं. मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है. वहीं, जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने साफ कहा कि इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा.

मुंबई में गैंगवॉर नहीं होने देंगे- एकनाथ शिंदे

टाइगर श्रॉफ से मुलाकात के बाद एकनाथ शिंदे ने कहा कि मुंबई में किसी भी गिरोह या व्यक्ति को डराने-धमकाने और गुंडागर्दी करने की इजाजत नहीं दी जाएगी. उन्होंने कहा कि मुंबई में 1990 के दशक में गैंगवॉर पर लगाम लगाई गई थी और इसे दोबारा शुरू नहीं होने दिया जाएगा. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी मुंबई पुलिस कमिश्नर देवेन भारती से बात कर घटना की जानकारी ली. उन्होंने हमलावरों को जल्द पकड़ने और जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए. फडणवीस ने टाइगर श्रॉफ से भी बातचीत की.

एकनाथ शिंदे ने फिल्मी हस्तियों से अपील की कि अगर उन्हें धमकी भरे फोन आते हैं, तो वे तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दें. फिलहाल, पुलिस हमलावरों की पहचान, हमले के पीछे की वजह और सोशल मीडिया पर किए गए दावों की जांच कर रही है.