दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबाई की फ्लाइट में बड़ा हादसा टल गया. प्लेन में सवार 174 यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की चर्चा आज पूरी दुनिया में हो रही है. मुंबई के रहने वाले इस जांबाज कैप्टन के सम्मान में मुंबई स्थित इजरायली कॉन्सुलेट जनरल ने शहर में एक विशाल होर्डिंग (बिलबोर्ड) लगाया है.
मुंबई में इजरायल के महावाणिज्य दूत (कॉन्सल जनरल) यानिव रेवाच ने सोशल मीडिया पर इस होर्डिंग की तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि भारत को एक नया हीरो मिला है और इजरायल उनके इस योगदान को कभी नहीं भूलेगा. होर्डिंग पर लिखा गया है- "Thank You Captain Smit for saving lives. We wish you a speedy recovery." इजरायल ने उन्हें कई लोगों की जान बचाने वाला सच्चा नायक करार दिया है.
खबरों के अनुसार, फ्लाईदुबाई की इस उड़ान के दौरान को-पायलट ने विमान को क्रैश करने की कोशिश की थी. कैप्टन स्मित मच्छार ने सूझबूझ और अदम्य साहस का परिचय देते हुए को-पायलट की इस खौफनाक साजिश को पूरी तरह नाकाम कर दिया. इस हाथापाई और बचाव के दौरान कैप्टन के हाथ में फ्रैक्चर हो गया और शरीर पर कई टांके आए हैं.
कैप्टन स्मित की इस जांबाजी की सराहना देश-विदेश के शीर्ष नेताओं ने की है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी उनके इस कदम की तारीफ करते हुए उन्हें असली हीरो बताया है.
कैप्टन स्मित के ससुर जयसुखभाई जोगी ने बताया कि ईश्वर की कृपा से उनकी जान बच गई है. फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है और वे घर पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं. पूरा देश और उनका परिवार इस जांबाज बेटे की बहादुरी पर गर्व महसूस कर रहा है.