menu-icon
India Daily

महाराष्ट्र में वेल्डिंग के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखी जिलेटिन की छड़ों में धमाका, 4 लोगों की दर्दनाक मौत

महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के उमरखेड में शनिवार को वेल्डिंग के दौरान ट्रैक्टर से जुड़ी ट्रॉली में रखी जिलेटिन की छड़ों में जोरदार विस्फोट हो गया. धमाके के बाद आग लग गई और पास में लगा एयर सिलेंडर भी फट गया.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
महाराष्ट्र में वेल्डिंग के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखी जिलेटिन की छड़ों में धमाका, 4 लोगों की दर्दनाक मौत
Courtesy: ChatGPT

महाराष्ट्र के यवतमाल जिले में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए. हादसा उमरखेड इलाके में धनकी रोड स्थित एक वेल्डिंग वर्कशॉप में हुआ. यहां मरम्मत के लिए लाए गए ट्रैक्टर से जुड़ी ट्रॉली में रखी जिलेटिन की छड़ों में वेल्डिंग के दौरान अचानक विस्फोट हो गया.

पुलिस के अनुसार ट्रैक्टर को मरम्मत के लिए वेल्डिंग वर्कशॉप में लाया गया था. इसी दौरान ट्रैक्टर से जुड़ी ट्रॉली में रखी जिलेटिन की छड़ों में धमाका हो गया. विस्फोट के बाद मौके पर आग लग गई और देखते ही देखते स्थिति गंभीर हो गई. हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर के पिछले टायर के पास लगा एयर सिलेंडर भी फट गया. विस्फोट और आग की चपेट में आने से कई लोग झुलस गए.

चार लोगों की मौत, पांच घायल

उमरखेड थाने के एक अधिकारी ने बताया कि हादसे में आग से झुलसने के कारण चार लोगों की मौत हो गई. वहीं पांच अन्य लोग घायल हुए हैं. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. धमाके की तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. उन्होंने पुलिस और प्रशासन के पहुंचने से पहले घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाने में मदद की. बाद में घायलों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल भेज दिया गया.

पुलिस कर रही हादसे की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जिलेटिन की छड़ें ट्रैक्टर की ट्रॉली में क्यों रखी गई थीं और वेल्डिंग के दौरान सुरक्षा के क्या इंतजाम थे. फिलहाल हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.