मुंबई के जुहू जैसे महंगे इलाके में घर खरीदना अपने आप में बड़ी बात है, लेकिन एंजेल वन के संस्थापक दिनेश ठक्कर ने यहां एक पूरा आवासीय टावर खरीदने का सौदा किया है. इसकी कीमत करीब 711 करोड़ रुपये बताई जा रही है. यह संपत्ति जुहू तारा रोड स्थित एम्बेसी टेराजा परियोजना में है. खास बात यह है कि ठक्कर ने इस प्रोजेक्ट में केवल एक फ्लैट नहीं, बल्कि पूरा टावर अपने नाम करने का फैसला किया है.
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, खरीदा गया टावर आठ मंजिला यानी जी+7 संरचना है और इसका आरईए कारपेट एरिया करीब 63,000 वर्ग फुट है. इस हिसाब से सौदे की कीमत लगभग 1.13 लाख रुपये प्रति वर्ग फुट बैठती है. एम्बेसी टेराजा दो एकड़ से ज्यादा क्षेत्र में फैला पांच टावरों वाला लक्जरी प्रोजेक्ट है. इसमें करीब 50 आवासीय इकाइयां होंगी और पूरी परियोजना की अनुमानित विकास लागत 3,000 करोड़ रुपये से अधिक है.
एम्बेसी डेवलपमेंट्स के अनुसार, दिनेश ठक्कर लंबे समय से ऐसे घर की तलाश में थे, जहां पर्याप्त निजी जगह, विशालता और समुद्र का शानदार दृश्य मिल सके. इसी तलाश के दौरान यह सौदा हुआ. ठक्कर ने इस संपत्ति को लंबे समय के लिए परिवार के घर और निजी लग्जरी ठिकाने के रूप में इस्तेमाल करने की बात कही है. परियोजना के दिसंबर 2031 तक पूरा होने की उम्मीद है.
दिनेश ठक्कर का जन्म मुंबई के मुलुंड में कपड़ा कारोबार से जुड़े परिवार में हुआ. उन्होंने ठाणे के सेंट जॉन द बैपटिस्ट हाई स्कूल में पढ़ाई की और मुंबई के किशिनचंद चेल्लाराम कॉलेज में विज्ञान की पढ़ाई शुरू की. हालांकि, 12वीं के बाद उन्होंने पढ़ाई छोड़ दी. इसके बाद उनका रुख शेयर बाजार की ओर हुआ और यहीं से उन्होंने स्टॉकब्रोकिंग में अपना करियर बनाया. वर्ष 1996 में उन्होंने एंजेल वन की स्थापना की.
एंजेल वन ने शुरुआत एक पारंपरिक ब्रोकरेज कंपनी के रूप में की थी, लेकिन समय के साथ इसका विस्तार डिजिटल वित्तीय सेवाओं तक हुआ. कंपनी के अनुसार, डिजिटल बदलाव की शुरुआत 2019 में हुई. वर्ष 2020 में कंपनी शेयर बाजार में सूचीबद्ध हुई और उसी साल अक्टूबर में बीएसई तथा एनएसई पर इसके शेयरों की लिस्टिंग हुई. 2021 में कंपनी का नाम बदलकर एंजेल वन किया गया. इसके बाद ट्रेडिंग, निवेश और वेल्थ मैनेजमेंट जैसी सेवाओं का विस्तार किया गया.
दिनेश ठक्कर की सोशल मीडिया प्रोफाइल से उनकी निजी पसंद की भी झलक मिलती है. उन्हें स्ट्रेंथ ट्रेनिंग और लग्जरी कारों में रुचि है. खबरों के अनुसार, उनके कार कलेक्शन में लैम्बोर्गिनी हुराकन परफॉर्मेंटे, फेरारी 488 पिस्ता और पोर्श जीटी3 आरएस जैसी कारों का जिक्र मिलता है. उनकी सोशल मीडिया पोस्ट में कारों के साथ तस्वीरों के अलावा भारत और विदेशों की यात्राओं तथा परिवार के साथ बिताए निजी पलों की झलक भी दिखाई देती है.