menu-icon
India Daily

देवी दर्शन करके लौट रहे थे श्रद्धालु, अमरावती में ट्रक-टेंपो की जोरदार टक्कर; 7 लोगों की मौत

महाराष्ट्र के अमरावती में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है. 7 लोगों की मौके पर ही जान चली गई. इस हादसे में 19 लोग घायल हुए हैं.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
देवी दर्शन करके लौट रहे थे श्रद्धालु, अमरावती में ट्रक-टेंपो की जोरदार टक्कर; 7 लोगों की मौत
Courtesy: Pinterest

महाराष्ट्र के अमरावती जिले से एक बहुत दुखद खबर आई है. यहां समृद्धि महामार्ग पर एक जोरदार हादसा हुआ, जिसने कई परिवारों को गम में डुबो दिया. यह हादसा धामणगांव रेलवे के पास चैनल नंबर 97 पर हुआ, जहां एक ट्रक और टेंपो पिकअप की सीधी टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि देखने वालों के होश उड़ गए.

इस हादसे में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 19 लोग घायल हुए हैं. हादसे के तुरंत बाद मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. पास में मौजूद लोगों ने तुरंत बचाव का काम शुरू किया और पुलिस को इसकी जानकारी दी गई.

दुर्गा देवी के दर्शन करके लौट रहे थे यात्री

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, टेंपो पिकअप में बैठे सभी लोग श्रद्धालु थे. ये लोग शेगांव से दुर्गा देवी के दर्शन करके वर्धा की तरफ जा रहे थे. रास्ते में ही समृद्धि महामार्ग पर उनके वाहन की ट्रक से टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो पिकअप पूरी तरह से टूट-फूट गया और कई लोग उसमें ही फंस गए.

आसपास के लोगों ने शुरू किया बचाव कार्य

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए. उन्होंने वाहन में फंसे घायलों को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला. इसके बाद धामणगांव रेलवे पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए धामणगांव ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया.

कई घायलों की हालत अभी भी नाजुक

प्रशासन की मानें तो हादसे में कुल 19 लोग घायल हुए हैं. इनमें से 3 से 4 लोगों की हालत बहुत गंभीर बनी हुई है. वहीं करीब 14 से 15 लोगों को मामूली चोटें आई हैं और उनकी जान को फिलहाल कोई खतरा नहीं है.

अधिकारी पहुंचे अस्पताल, जांच में जुटी पुलिस

हादसे की खबर मिलते ही एसपी निकेतन कदम भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना. धामणगांव की नगराध्यक्ष अर्चना रोठे भी अस्पताल पहुंचीं और घायलों से मुलाकात की. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह हादसा किन वजहों से हुआ. मृतकों और घायलों की पूरी जानकारी इकट्ठा करने का काम भी जारी है.