menu-icon
India Daily

बेडरूम के नीचे दफन था पति का शव, बेटे के सवालों से खुला खौफनाक राज; जानें पूरा मामला

आलीराजपुर में 17 दिन से लापता एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, उसकी पत्नी ने कथित तौर पर लाठी से सिर पर वार कर उसकी हत्या की और शव को जलाने के बाद घर के कमरे में बालू के नीचे छिपा दिया.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
बेडरूम के नीचे दफन था पति का शव, बेटे के सवालों से खुला खौफनाक राज; जानें पूरा मामला
Courtesy: Pinterest

मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले में एक हैरान करने वाला हत्या का मामला सामने आया है. यहां एक महिला पर अपने पति की हत्या कर उसके शव को घर के कमरे में छिपाने का आरोप है. पुलिस ने 17 दिन से लापता व्यक्ति के शव के अधजले अवशेष बरामद किए हैं. मामले में पुलिस ने आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया है.

घटना उदयगढ़ थाना क्षेत्र के आदिवासी बहुल इलाके की बताई जा रही है. मृतक का बेटा गुजरात के राजकोट में रहता है. पिता के कई दिनों से लापता होने की जानकारी मिलने के बाद वह गुरुवार को अपने घर पहुंचा. इस दौरान उसे अपनी मां की बातों पर शक हुआ.

कैसे हुआ खुलासा?

बेटे ने जब मां से सख्ती से पूछताछ की तो उसने कथित तौर पर पूरी घटना बता दी. इसके बाद घर के पीछे बने कमरे में रखी बालू को हटाया गया. वहां से अधजले शव के अवशेष बरामद हुए.

चरित्र पर शक को लेकर होता था विवाद

पुलिस पूछताछ में महिला ने कथित तौर पर बताया कि उसका पति उसके चरित्र पर संदेह करता था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था. महिला के अनुसार, विवाद के दौरान उसने लाठी से पति के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.

पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद महिला ने शव को जलाने की कोशिश की. शव पूरी तरह नहीं जल सका तो उसने उसे कमरे में छिपाने के लिए बालू के नीचे दबा दिया. आरोप है कि महिला ने मृतक के पहचान पत्र, फोटो और दूसरे दस्तावेज भी जला दिए, ताकि उसकी पहचान छिपाई जा सके.

मेडिकल जांच के लिए भेजे गए शव के अवशेष

मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने बेटे की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया और आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया. बरामद शव के अवशेषों को इंदौर के महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय एवं मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ टीम से जांच कराया गया.

थाना प्रभारी बृजभूषण हिरवे के अनुसार, अब तक की जांच में घटना में महिला के अलावा किसी अन्य व्यक्ति के शामिल होने की बात सामने नहीं आई है. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.