menu-icon
India Daily

सोना-चांदी और पैसों के साथ बनाती थी रील, रात में पहुंचे चोर उड़ा ले गए लाखों का माल; CCTV में कैद हुई वारदात

मध्य प्रदेश के शिवपुरी में सोशल मीडिया पर सोना, चांदी, और कैश के साथ रील बनाना एक महिला को भारी पड़ गया है. देर रात चोरों ने उसके घर में घुसकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली. पूरी घटना का कुछ हिस्सा सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है.

babli
Edited By: Babli Rautela
सोना-चांदी और पैसों के साथ बनाती थी रील, रात में पहुंचे चोर उड़ा ले गए लाखों का माल; CCTV में कैद हुई वारदात
Courtesy: AI

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सोशल मीडिया यूजर्स की नींद उड़ा दी है. इस घटना ने सोशल मीडिया पर अपनी पर्सनल डिटेल और कीमती सामान दिखाने के खतरों को एक बार फिर उजागर कर दिया है. यहां एक महिला को सोशल मीडिया पर अपनी संपत्ति और जेवरात दिखाना महंगा पड़ गया. देर रात चोरों ने उसके घर को निशाना बनाया और लाखों रुपये के सोने चांदी लेकर लेकर फरार हो गए. घटना का कुछ हिस्सा घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गया है. पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.

सोशल मीडिया पर साझा करती थीं तस्वीरें

जानकारी के अनुसार यह मामला शिवपुरी जिले के ग्राम मोहनी का है. यहां रहने वाली रचना गुर्जर सोशल मीडिया पर अक्सर अपने सोने चांदी के जेवरात, नकदी और लग्जरी गाड़ी के साथ तस्वीरें और वीडियो साझा करती थीं.  लोगों का मानना है कि सोशल मीडिया पर डाली गई इन तस्वीरों और वीडियो के जरिए अपराधियों को घर में रखे कीमती सामान की जानकारी मिल गई होगी. यही वजह है कि पुलिस भी इस पहलू को जांच का अहम हिस्सा मान रही है.

पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे चोर

बताया जा रहा है कि चोरी की यह वारदात पूरी योजना के साथ अंजाम दी गई. देर रात बदमाश घर के बाहर पहुंचे और सबसे पहले दीवार पर लगे तारों को काट दिया. इसके बाद उन्होंने सीढ़ी की मदद से घर के अंदर एंट्री की. चोरों को घर के अंदर रास्तों और कमरों की अच्छी जानकारी होने का अंदाजा लगाया जा रहा है क्योंकि उन्होंने अंदर घुसते ही सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे को निशाना बनाया.

घर में घूसते ही आरोपियों ने डंडे से सीसीटीवी कैमरे को ऊपर की ओर मोड़ दिया ताकि कैमरे उन्हें रिकॉर्ड न कर सकें. हालांकि उनकी यह कोशिश पूरी तरह सफल नहीं हो सकी. कैमरे को मोड़ने से पहले और उसके बाद की कुछ गतिविधियां रिकॉर्ड हो गईं. फुटेज में दिखाई दे रहा है कि आरोपी बेहद सावधानी के साथ घर के अंदर दाखिल हुए और चोरी की वारदात को अंजाम दिया.

अलमारी तोड़कर ले गए लाखों का सामान

घर के अंदर पहुंचने के बाद चोर सीधे उस जगह पहुंचे जहां कीमती सामान रखा हुआ था. उन्होंने अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखे सोने चांदी के जेवरात तथा नकदी निकाल ली. चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसी रास्ते से वापस बाहर निकल गए और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए.