menu-icon
India Daily

‘शादी नहीं करोगी तो मार दूंगा’… सनकी आशिक ने पार की सारी हदें, प्रपोजल रिजेक्ट करने पर चाकू से रेत दिया गला

मध्य प्रदेश के जबलपुर में शादी का प्रपोजल ठुकराने से नाराज एक युवक ने युवती पर जानलेवा हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल युवती का मेडिकल कॉलेज अस्पताल के ICU में इलाज चल रहा है.

babli
Edited By: Babli Rautela
‘शादी नहीं करोगी तो मार दूंगा’… सनकी आशिक ने पार की सारी हदें, प्रपोजल रिजेक्ट करने पर चाकू से रेत दिया गला
Courtesy: Social Media

मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले से एक बेहद गंभीर घटना सामने आई है. गोरखपुर थाना क्षेत्र में एक युवक ने शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज होकर एक युवती पर जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज ICU में चल रहा है. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.

बहन ने दर्ज कराई शिकायत

मामले की शिकायत घायल युवती की छोटी बहन ने पुलिस में दर्ज कराई है. शिकायत में वह रामपुर क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर डाटा ऑपरेटर के रूप में काम करती है. उसने बताया कि उसकी बड़ी बहन कुछ दिन पहले उससे मिलने जबलपुर आई थी और उसके साथ किराए के मकान में रह रही थी.  घटना वाले दिन वह सुबह अपनी ड्यूटी पर चली गई थी, जबकि उसकी बहन घर पर अकेली थी.

घर पहुंची तो सामने था खौफनाक मंजर

शिकायत के अनुसार शाम करीब 6:15 बजे जब वह वापस अपने मकान पहुंची तो घर का मुख्य गेट बाहर से बंद मिला. किसी तरह अंदर पहुंचने पर उसने देखा कि उसकी बहन दरवाजे के पास घायल अवस्था में बैठी हुई थी. कमरे में खून फैला हुआ था और युवती गंभीर रूप से घायल थी. उसके गले और हाथ पर गंभीर चोटें थीं. यह देखकर परिवार और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए.

घायल युवती ने अपनी बहन को बताया कि शाम करीब 4 बजे उसका परिचित मयूर चौरसिया कमरे में आया था. बताया गया कि युवक उस पर शादी करने का दबाव बना रहा था. जब युवती ने स्पष्ट रूप से शादी करने से इनकार कर दिया तो दोनों के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि इसके बाद युवक ने हमला कर दिया. युवती ने खुद को बचाने की कोशिश की, जिससे उसके हाथ में भी गंभीर चोट लग गई.

मोबाइल लेकर फरार हुआ आरोपी

शिकायत के अनुसार घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवती का मोबाइल फोन लेकर मौके से फरार हो गया. इतना ही नहीं, उसने बाहर से दरवाजा भी बंद कर दिया, जिससे घायल युवती मदद के लिए बाहर नहीं निकल सकी. बाद में बहन के घर लौटने पर पूरी घटना का खुलासा हुआ.