menu-icon
India Daily

मुरैना में स्कूल के बाहर से तीन वर्षीय बच्चे का हुआ अपहरण, बाइक पर आए दो बदमाश CCTV में कैद हुई वारदात

मुरैना के रेनबो पब्लिक स्कूल के बाहर से तीन वर्षीय कार्तिक यादव के कथित अपहरण का मामला सामने आया है. घटना सीसीटीवी में कैद हुई है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
मुरैना में स्कूल के बाहर से तीन वर्षीय बच्चे का हुआ अपहरण, बाइक पर आए दो बदमाश CCTV में कैद हुई वारदात
Courtesy: Pinterest (Representative image)

मुरैना: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक तीन वर्षीय बच्चे के कथित अपहरण का मामला सामने आया है. रेनबो पब्लिक स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चा स्कूल के बाहर से दो बाइक सवार युवकों के साथ चला गया. पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है. पुलिस फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है और बच्चे की तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं.

यह घटना मुरैना शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित गायत्री कॉलोनी की है. तीन वर्षीय कार्तिक यादव, जिसे परिवार में चीकू के नाम से भी बुलाया जाता है, रोज की तरह स्कूल गया था. छुट्टी के बाद वह स्कूल से बाहर निकला. इसी दौरान बाइक पर आए दो युवक उसे अपने साथ ले गए. घटना के बाद बच्चा लापता हो गया, जिससे परिवार और स्कूल प्रशासन में हड़कंप मच गया.

प्रारंभिक में क्या आया सामने?

स्कूल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में बच्चा दो युवकों के साथ जाता हुआ दिखाई दे रहा है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बच्चा उन लोगों को पहचानता हुआ नजर आया और बिना किसी विरोध के उनके साथ चला गया. पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर संदिग्धों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

स्कूल के संचालक ने क्या बताया?

रेनबो पब्लिक स्कूल के संचालक नीरज शिवहरे के अनुसार बच्चे की नानी उसे लेने स्कूल आने वाली थीं, लेकिन उनके पहुंचने से कुछ मिनट पहले ही एक व्यक्ति बच्चे को अपने साथ ले गया. संचालक का कहना है कि उस व्यक्ति ने बच्चे को उसके असली नाम और घर के नाम चीकू से बुलाया. बच्चा उसे पहचानकर उसके साथ चला गया, इसलिए स्कूल स्टाफ को किसी तरह का संदेह नहीं हुआ.

जब बच्चे की नानी स्कूल पहुंचीं तो उन्हें पता चला कि बच्चा पहले ही किसी के साथ जा चुका है. इसके बाद परिवार के लोग घबरा गए और स्कूल में हंगामा हो गया. स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

अधिकारियों ने क्या बताया?

पुलिस जांच में पारिवारिक विवाद के पहलू को भी शामिल किया गया है. अधिकारियों के अनुसार बच्चे के माता पिता के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है. बच्चे की मां आगरा में रहती हैं, जबकि पिता मुंबई में रहते हैं. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना में किसी परिचित या रिश्तेदार की भूमिका तो नहीं है. हालांकि अभी तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.