भोपाल: दिल्ली दौरे से लौटने के बाद मध्य प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा का बदला हुआ राजनीतिक रुख चर्चा का विषय बन गया है. भोपाल एयरपोर्ट पर बातचीत के दौरान उन्होंने साफ कहा कि पार्टी ने उन्हें लंबे समय तक विधायक और मंत्री बनने का अवसर दिया है, इसलिए अब उन्हें किसी पद की इच्छा नहीं है. साथ ही उन्होंने दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी का खुलकर समर्थन करने का भी ऐलान किया.
नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि वह पहले से तय कार्यक्रम के तहत दिल्ली गए थे और वहां बैठक में शामिल हुए. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस दौरान किसी विशेष नेता से अलग से मुलाकात नहीं हुई. उन्होंने कहा कि अब सब कुछ ठीक है और पार्टी ने उन्हें जितना सम्मान दिया, उससे वह पूरी तरह संतुष्ट हैं. उनके इस बयान को हाल के राजनीतिक घटनाक्रम के बाद अहम माना जा रहा है.
भाजपा नेता ने कहा कि उन्होंने पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के नामांकन को अपनी सहमति दी है. इतना ही नहीं, वह नामांकन कार्यक्रम में भी शामिल होंगे और पूरे चुनाव अभियान के दौरान उनके साथ रहेंगे. उनके इस बयान को पार्टी के भीतर एकजुटता का संदेश देने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है.
दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा सोमवार को बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने की तैयारी में है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं दतिया पहुंचकर आशुतोष तिवारी का नामांकन दाखिल कराएंगे. इसके बाद किला चौक पर आयोजित आमसभा में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और नरोत्तम मिश्रा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे.
हाल के दिनों में टिकट को लेकर उठे विवाद के बाद इस कार्यक्रम पर सभी की नजरें टिकी हैं. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा इस आयोजन के जरिए यह संदेश देना चाहती है कि पार्टी के भीतर किसी तरह का मतभेद नहीं है. नरोत्तम मिश्रा का सार्वजनिक रूप से आशुतोष तिवारी के समर्थन में आना भी इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है.
दतिया विधानसभा सीट पर भाजपा के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह आमने-सामने हैं. कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के बाद यह उपचुनाव कराया जा रहा है. निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे. अब दोनों प्रमुख दलों ने चुनाव प्रचार को तेज कर दिया है.