menu-icon
India Daily

प्रेग्नेंसी, डिलीटेड चैट्स और बाइपोलर डिसऑर्डर... ट्विशा केस में बड़ा खुलासा, पति के हर दावे की CBI करेगी जांच

ट्विशा शर्मा मौत मामले में CBI अब पति समर्थ सिंह के दावों की गहराई से जांच कर रही है. प्रेग्नेंसी, मानसिक स्वास्थ्य, गर्भपात, डिलीटेड चैट्स और दहेज उत्पीड़न जैसे कई पहलू जांच के केंद्र में हैं. चलिए जानते हैं और क्या-क्या आया सामने.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
प्रेग्नेंसी, डिलीटेड चैट्स और बाइपोलर डिसऑर्डर... ट्विशा केस में बड़ा खुलासा, पति के हर दावे की CBI करेगी जांच
Courtesy: @san_x_m x account

भोपाल: ट्विशा शर्मा मौत मामले में अब जांच निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है. CBIने केस अपने हाथ में लेने के बाद जांच तेज कर दी है और अब फोकस ट्विशा के पति समर्थ सिंह के दावों पर है. CBI यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि समर्थ के बयान कितने सच हैं और वे व्हाट्सऐप चैट, मेडिकल रिकॉर्ड, CCTV फुटेज और डिजिटल सबूतों से कितने मेल खाते हैं.

CBI ने सोमवार को भोपाल पुलिस द्वारा दर्ज FIR को दोबारा रजिस्टर किया. एजेंसी ने पति समर्थ सिंह और पूर्व जज सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज मृत्यु समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया है. दिल्ली से पहुंची CBI की स्पेशल क्राइम यूनिट ने स्थानीय पुलिस से केस डायरी, मेडिकल दस्तावेज, गवाहों के बयान और अन्य सबूत अपने कब्जे में लिए हैं.

पूछताछ के दौरान क्या आया सामने?

पूछताछ के दौरान समर्थ सिंह ने दावा किया कि उसकी और ट्विशा की शादीशुदा जिंदगी में लगातार तनाव था, लेकिन उसने शारीरिक हिंसा के आरोपों से इनकार किया. समर्थ ने कहा कि शादी के शुरुआती महीनों तक सब सामान्य था लेकिन मार्च के बाद रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा.

जांच में क्या आया सामने?

जांच में सबसे संवेदनशील मुद्दा ट्विशा की प्रेग्नेंसी और गर्भपात का बना हुआ है. समर्थ ने पुलिस को बताया कि वह पिता बनना चाहता था लेकिन ट्विशा बच्चा नहीं चाहती थी. उसके अनुसार डॉक्टर की सलाह और ट्विशा की सहमति से गर्भपात कराया गया था.

हालांकि अब सामने आए व्हाट्सऐप चैट्स ने मामले को और उलझा दिया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक समर्थ ने चैट में ट्विशा की प्रेग्नेंसी और बच्चे की पितृत्व पर सवाल उठाए थे. यह दावा उसके उस बयान से अलग माना जा रहा है जिसमें उसने कहा था कि वह और उसकी मां बच्चा चाहते थे.

ट्विशा के परिजनों ने क्या लगाया आरोप?

ट्विशा के परिवार का आरोप है कि प्रेग्नेंसी से जुड़े विवाद के बाद ही उसकी मानसिक स्थिति बिगड़नी शुरू हुई. परिवार का यह भी दावा है कि इस दौरान ट्विशा का वजन करीब 15 किलो तक कम हो गया था.

समर्थ ने क्या बताया?

पूछताछ में समर्थ ने यह भी कहा कि ट्विशा बाइपोलर डिसऑर्डर से पीड़ित थी और उसका व्यवहार अचानक बदल जाता था. उसने दावा किया कि बाद में डॉक्टरों ने ट्विशा को एडजस्टमेंट डिसऑर्डर बताया था. अब CBI यह जांच कर रही है कि क्या यह इलाज वास्तव में जरूरी था, क्या ट्विशा की सहमति ली गई थी और क्या उसके परिवार को इस बारे में जानकारी दी गई थी.

जांच एजेंसियों को यह भी पता चला है कि समर्थ के मोबाइल से कई चैट्स डिलीट की गई थीं. तकनीकी टीम अब उन डिलीटेड मैसेज को रिकवर करने की कोशिश कर रही है. माना जा रहा है कि यही चैट्स केस की सबसे अहम कड़ी साबित हो सकती हैं.