भोपाल: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के मध्य प्रदेश में जंगल सफारी पर जाने को लेकर बीजेपी ने उन पर करारा हमला बोला है. बिहार विधानसभा चुनाव के बीच सफारी पर गए राहुल गांधी को बीजेपी ने तंज कसते हुए 'पार्टीबाजी का नेता' करार दिया है. बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि राहुल गांधी के लिए LoP का मतलब 'पर्यटन और पार्टी का नेता' है.
बिहार में मतदान चल रहा है और राहुल गांधी छुट्टियां मना रहे हैं. जब कांग्रेस हारेगी तो चुनाव आयोग को दोष देकर 'एच फाइल्स' यानी हॉलिडे फाइल्स नाम से नया बहाना बनाएगी. पूनावाला ने एक हिंदी शेर के जरिए भी राहुल गांधी पर निशाना साधा. उन्होंने लिखा, 'ता उम्र कांग्रेस ये गलती करती रही, धूल चेहरे पे थी, कांग्रेस आइना साफ करती रही.' उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी गलतियों से कभी सबक नहीं लेती और हार का ठीकरा हमेशा दूसरों पर फोड़ देती है.
LoP means Leader of Paryatan and partying for Rahul Gandhi
— Shehzad Jai Hind (Modi Ka Parivar) (@Shehzad_Ind) November 9, 2025
Even as Bihar elections are on : Rahul Gandhi goes for vacation
Election in Bihar, Rahul Gandhi enjoying a "Jungle Safari" in Pachmarhi
This shows his priorities
When they lose elections they will blame
ECI & do a… pic.twitter.com/GBCCCqTziR
राहुल गांधी शनिवार को मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के पचमढ़ी पहुंचे थे. यहां वे राज्य कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए. रविवार सुबह उन्होंने खुली जीप से जंगल सफारी की, जो सुबह 6.15 बजे रविशंकर भवन से शुरू होकर लगभग 10 किलोमीटर दूर पनारपानी गेट तक गई और फिर वापस लौटी.
बीजेपी ने राहुल गांधी के इस दौरे को लेकर कहा कि जब बिहार में जनता मतदान कर रही है, तब कांग्रेस नेता जंगलों में मौज कर रहे हैं. वहीं कांग्रेस का कहना है कि यह कार्यक्रम पहले से तय था और राहुल गांधी जल्द ही बिहार जाएंगे, जहां वे किशनगंज में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे.
मध्य प्रदेश में अपने प्रवास के दौरान राहुल गांधी ने एक बार फिर बीजेपी और चुनाव आयोग पर तीखा हमला किया. उन्होंने कहा कि बीजेपी 'वोट चोरी' की साजिश रच रही है और चुनाव आयोग उसकी मदद कर रहा है. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि हरियाणा में जैसे वोट चोरी हुई, वैसे ही मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में भी वोट चोरी हुई है.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार मिलकर लोकतंत्र पर हमला कर रहे हैं. राहुल गांधी ने कहा कि संविधान को नुकसान पहुंचाया जा रहा है और भारत माता को तकलीफ दी जा रही है.