बैतूल: मध्य प्रदेश के बैतूल से क्रूरता की सारी हदें पार करने वाली खबर आ रही है. मामला जिले के भौंरा थाना इलाके के ग्राम कोयलारी का है. इस गांव में रहने वाले एक शख्स ने जानवरों से परेशान होकर उन्हें भगाने की जगह उनकी मौत की कहानी ही लिख दी. शख्स ने मवेशियों को मारने के लिए आटे में बारूदी गोले भरकर खेत में रख दिए. इससे दो गायों की दर्दनाक तरीके से मौत हो गई.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बैतूल कोयलारी गांव में रहने वाला राकेश चौहान उर्फ पारदी अपने खेत में जानवरों से काफी परेशान था. और इसी वजह से उसने जानवरों को मारने का अवैध रुप से प्लान बना लिया. उसने प्लान के तहत बारूद के गोले तैयार कर लिए और मवेशियों को लालच देने का भी फुल प्रूफ प्लान तैयार कर लिया. आरोपी ने खेत में बारूदी गोलों पर आटे और दाल को लपेट कर खेत में रख दिया. जिसे देखकर जानवरों ने उसे चारा समझा और खा लिया.
आरोपी के प्लान के हिसाब से जैसे ही मवेशियों ने उन आटा लिपटे गोलों को खाया गोले ब्लास्ट हो गए. इस विस्फोट में दो गायों की मौके पर ही मौत हो गई और जार और जानवर जिनमें गाय और बैल शामिल हैं गंभीर रूप से घायल हो गए. जानवरों के जबड़े चिथड़े की तरह उड़ गए. इस घटना के बाद से गांव के लोगों में गुस्से का माहौल है.
कांड करने के बाद राकेश ने भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उसे फरार होने से पहले ही धर लिया. पुलिस ने आरोपी पर मामला दर्ज कर लिया है. एसपी वीरेंद्र जैन के निर्देश में आरोपी के खिलाफ बहुत तेजी से कार्रवाई की जा रही है.
चौकी प्रभारी नीरज खरे ने मामले की पूरी जानकारी देते हुए बताया की पुलिस ने घटनास्थल से 9 जिंदा गोले भी बरामद किए हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए बॉम स्कॉड को भी नर्मदापुरम से बुलाया गया था. स्कॉड ने सभी गोलों को सावधानी से डिस्ट्रॉय कर दिया है.